धूमधाम के साथ मनाया सीआईएस का स्थापना दिवस

- सहारनपुर में सीआईएस का स्थापना दिवस मनाते उद्यमी।
सहारनपुर [24CN]। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विस का स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया तथा सभी पदाधिकारियों ने मिलजुलकर उद्योगपतियों की समस्याओं का निस्तारण कराने की शपथ भी ली। दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विस के स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि योग गुरू पदमश्री भारत भूषण कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर, संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी व चेयरमैन सुशील सडाना ने संयुक्त रूप से मां भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों ने मिलजुलकर उद्योगपतियों की समस्याओं का निस्तारण कराने की शपथ ली। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कार्यकारिणी की घोषणा की तथा सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया गया है ताकि उद्यमियों को राहत मिल सके। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। योग गुरू पदमश्री भारत भूषण ने भी उद्योगपतियों से राष्ट्र हित में अपने उद्योगों का संचालन करने की अपील की। इस दौरान व्यापारी नेता शीतल टंडन, सुषमा बजाज, संजीव शर्मा, मनीष अरोड़ा, मदनलाल अरोड़ा सहित सैंकड़ों उद्यमी मौजूद रहे।