चौ. रूद्रसैन ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से की निकाय चुनाव के सम्बंध में चर्चा
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर आगामी स्थानीय निकाय व लोकसभा चुनाव के सम्बंध में चर्चा की। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने आज सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज राजनीतिज्ञ चौ. रूद्रसैन से सहारनपुर व कैराना लोकसभा सीटों के साथ-साथ स्थानीय निकाय चुनाव व संगठन के बारे में चर्चा करते हुए जानकारी ली। उन्होंने चौ. रूद्रसैन को लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश भी दिए ताकि स्थानीय निकाय व लोकसभा चुनाव में सपा का परचम लहराकर प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से निजात दिलाई जा सके।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही भाजपा का बेहतर विकल्प है जो सभी धर्म व जाति के लोगों को साथ लेकर प्रदेश का सर्वांगीण विकास करने में सक्षम है। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी डा. संजय चौधरी नल्हेड़ा गुर्जर व प्रवीण बांदूखेड़ी भी मौजूद रहे।