चौ. अजित सिंह को थी गांव व किसान की चिता: कैसर

- सहारनपुर में पूर्व केंद्रीय चौ. अजित सिंह की पुण्यतिथि मनाते रालोद पदाधिकारी।
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान मसीहा चौ. अजित सिंह की पुण्यतिथि पर हवन-यज्ञ कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा चौ. अजित सिंह के आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाते हुए रालोद को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
स्थानीय देहरादून चौक स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर आयोजित विचार गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राव कैसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि चौ. अजित सिंह का पूरा जीवन किसानों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्हें सदैव गांव व किसान की चिंता रहती थी। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए सदैव किसान हित में निर्णय लिए जिनमें चीनी मिलों की दूरी को कम करना, पेट्रोल में एथेनॉल को मिलाना, ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों पर ब्याज दर आधी करना, प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में केवल चौ. अजित सिंह जैसे नेताओं की नितांत आवश्यकता है क्योंकि देश के अंदर आपसी भाईचारा एवं विश्वास खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि चौ. अजित सिंह ने सदैव आपसी भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसलिए आज उनके पदचिन्हों पर चलकर जयंत चौधरी भाईचारे को कायम करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान रमेश चौहान, चौ. गजेंद्र सिंह, अयूब हसन, पंकज चौधरी, फखरूल इस्लाम, राव फरमान, सागर चौधरी, पंकज चौधरी, हरेंद्र चौधरी, रिहान प्रधान, राव शहजाद, हरपाल वाल्मीकि, श्रवण काम्बोज, विवेक शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।