मिशन 2022 की सफलता को तैयारी में जुटे कार्यकर्ता: चौ. रूद्रसैन

- सहारनपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।
सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मिशन 2022 में लक्ष्य निर्धारित कर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं ताकि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आमजन पूरी तरह त्रस्त है और इस को प्रमुखता से मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाने का काम करें।
सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन आज यहां दिल्ली रोड स्थित आदर्श विहार कॉलोनी में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश और देश के हालात बद से बदतर हो चले हैं। पेट्रोल-डीजल के लगातार दाम आसमान छू रहे हैं तो वहीं खाद्य तेलों के दामों में भी पूरी तरह उछाल आने से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जहां लोगों का बजट गड़बड़ा गया है वहीं महंगाई की मार गरीब, किसान व मजदूर को झेलनी पड़ रही है। कोरोना महामारी के कारण एक ओर जहां हर व्यक्ति आर्थिक व मानसिक तनाव से गुजर रहा है, वहीं इस महंगाई ने सभी की कमर तोडऩे का काम किया है। जबकि केंद्र व प्रदेश सरकार महंगाई को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएं और उन्हें बताने का काम करें ताकि इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से हटाया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2022 की सफलता को लक्ष्य बनाकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान करते कहा कि अब चुनाव में बहुत कम समय रह गया है, इसलिए वह कड़ी मेहनत करें।
सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को केवल गुमराह कर अपने स्वार्थों की पूर्ति में लगी है। महंगाई ने जिस प्रकार से मुंह से बाया हुआ है उसको देखकर लगता है कि भाजपा अब जनता को मुद्दे से भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच जिस प्रकार से आज पेट्रोल डीजल के साथ खाद्य तेलों के दामों में वृद्धि हुई है, इसकी मार प्रत्येक घर पर पड़ी है। आज भाजपा के कुशासन से हर वर्ग त्रस्त है और इससे निजात चाहता है क्योंकि अब सपा ही एक विकल्प के रूप में जनता के सामने खड़ी है। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन प्रतिनिधि चौ. प्रवीन बान्दूखेड़ी, हनीफ तेली, अच्छन यादव, नवाब यादव, अनुज प्रधान,प्रमोद तोमर, मास्टर राजवीर यादव, वासिल तोमर आदि मौजूद रहे।