गायन वादन व नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जादू
- सहारनपुर में वैष्णवी नृत्यालय में आयोजित नृत्य गायन प्रतियोगिता विजेता प्रतिभागी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार संस्कृति विभाग संगीत नाटक अकादमी द्वारा आयोजित शास्त्रीय गायन वादन एवं नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वैष्णवी नृत्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ संगीत नाटक अकादमी लखनऊ से आई रेणु श्रीवास्तव, डा. प्रतिभा मिश्रा, अंतर्राष्ट्रीय कथक नृत्यांगना रंजना नैब, डा. पवन कुमार, साधना शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम में वैष्णवी, रंजन नैब, प्रिंसी प्रजेश व तेजस्वी प्रजेश के कुशल नृत्य निर्देशन में अनन्या, जया, आरना, नव्या तरार, अनिष्का व प्रिसा ने गणेश वंदना व नोएडा से पधारी मायरा जैन ने शिव स्तुति प्रस्तुत की।
मेरठ, नोएडा व सहारनपुर के लगभग 24 कलाकारों ने गायन, वादन व नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। कत्थक नृत्य बाल वर्ग में नोएडा से आई मायरा जैन ने प्रथम, अनन्या सिंह व रिद्धि चौरसिया ने द्वितीय व जया व आरोही ने तृतीय स्थान हासिल किया। किशोर वर्ग में नोएडा की सायशा ने पहला, मेरठ की अध्यासा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तबदला बाल वर्ग में मेरठ के कार्तिकेय कत्थक ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा पर्ल, अनन्या सिंह, जया, अनिष्का, वसुधा, छवि, अनन्या, कास्वी, आरणा, नव्या तरार, प्रिशा, रिद्धि, अध्यासा, आरोही व कार्तिकेय ने भी शानदार प्रस्तुतियां दी। निर्णायक मंडल में डा. प्रतिभा मिश्रा, डा. पवन कुमार व साधना शर्मा शामिल रहे। तबले पर जावेद खान, ध्वनि समायोजन विशाल गर्ग, तेजस्वी प्रजेश का रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रिंसी प्रजेश ने किया।
