मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने की विकास कार्यों की समीक्षा, दिए दिशा-निर्देश

- सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते मुख्य सचिव।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने आज सहारनपुर पहुंचकर जिले में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही जनपद में तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर समुचित दिशा निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने सहारनपुर पहुंचकर मां शाकम्भरी देवी के दर्शन करने के बाद नागल माफी के प्रेमनगर स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर वृक्षारोपण किया। इसी कड़ी में मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने पुवांरका पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर समुचित दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य सचिव का काफिला कलक्ट्रेट परिसर पहुंचा जहां उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
तत्पश्चात उन्होंने सहारनपुर में तैनात सभी प्रशासनिक अधिकारियों से परिचय हासिल कर कलक्ट्रेट परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तत्पश्चात मुख्य सचिव श्री मिश्र ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में जनपद के पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों व उद्यमियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की तथा समुचित दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र, एसएसपी डा. विपिन ताड़ा, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी, नगर मैजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी श्वेता पांडेय, दीपक कुमार, अंकुर वर्मा, अजय कुमार अम्बस्ट, युवराज सिंह, कृतिराज, डिप्टी कलेक्टर संगीता राघव सहित जिले में तैनात सभी पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।