मुख्यमंत्री योगी ने लोनिवि राज्य मंत्री के पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि दी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेश लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह के पैतृक आवास देवबंद के जड़ौदा जट्ट पहुंचकर उनके दिवंगत पिता स्व. डॉ. राजकुमार रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री श्री योगी आज दोपहर बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3ः45 बजे पर हेलीपैड से जड़ौदा जट गांव पहुंचे जहां उन्होंने राज्यमंत्री बृजेश सिंह समेत परिवार के लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार और पूरी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट राज्यमंत्री के आवास पर रुके।

बाद वहां से रवाना हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत भाजपा के कई मंत्री और विधायक मौजूद भी रहे। मुख्यमंत्री के देवबंद दौरे के चलते सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर सुबह से ही जमे थे। डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी देवबंद में ही डेरा डाले हुए थे। मुख्यमंत्री के जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के आगमन से पहले डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी राज्यमंत्री के आवास गांव जड़ौदा जट पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने के लिए आसपास के गांवों से लोग एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्र हो गई थी। हेलीकॉप्टर से उतरते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया।
