प्रबुद्ध सम्मेलन के बहाने मतदाताओं की नब्ज टटोलेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- सहारनपुर में माहीपुरा चौक पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते भाजपाई व एसएसपी।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी 20 नवम्बर को सहारनपुर में प्रस्तावित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को सम्बोधित करने के मद्देनजर जनपद में तैनात पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने जनता रोड स्थित महाराज सिंह कालेज के मैदान पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधीनस्थों को समुचित दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर जनता रोड से अतिक्रमण हटवाया गया। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन को राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री श्री योगी 20 नवम्बर को सहारनपुर पहुंचकर प्रबुद्ध जन सम्मेलन के माध्यम से जनता की नब्ज टटोलने का काम करेंगे ताकि स्थानीय निकाय चुनाव में सहारनपुर नगर निगम के अलावा जनपद की सभी 4 नगर पालिकाओं व 7 नगर पंचायतों में भाजपा का परचम लहराया जा सके। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा को शहरी पार्टी का टैग लगा होने के बावजूद 2017 में सम्पन्न हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा सहारनपुर नगर निगम के अलावा केवल सरसावा नगर पालिका में अपना परचम लहराने में कामयाब रही थी। जबकि देवबंद, सरसावा, गंगोह नगर पालिकाओं के अलावा रामपुर मनिहारान, अम्बेहटा पीर, तीतरो, नानौता, चिलकाना सुलतानपुर व बेहट में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत हासिल करना तो दूर सम्मानजनक मत भी हासिल नहीं कर पाए थे। इस बार जनपद में छुटमलपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से नगर पंचायतों की संख्या 7 हो गई है। विगत स्थानीय चुनाव में अपेक्षित सफलता न मिलने के कारण भाजपा ने इस बार शत-प्रतिशत सफलता हासिल करने की रणनीति बनाई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 नवम्बर के सहारनपुर दौरे को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उधर मुख्यमंत्री श्री योगी के सहारनपुर आगमन को लेकर जहां जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा सहित हैलपैड आदि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं भाजपा के आला पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि जनपद के सभी स्थानीय निकायों के प्रबुद्धजनों, चिकित्सक, इंजीनियर, सेवानिवृत्त अधिकारियों से सम्पर्क साधने में जुटे हुए हैं ताकि अधिक से अधिक संख्या में प्रबुद्ध जनों की भीड़ जुटाकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।