मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- बदल गया है यूपी, अब अपनी क्षमताओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश
लखनऊ : देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में बड़े वाहन की निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने सिंदूर और रुद्राक्ष के पौधे भी लगाए और प्लांट का दौरा भी किया। अशोक लीलैंड के इस प्लांट में इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन किया जाएगा।
अशोक लेलैंड कंपनी के नवीन विनिर्माण संयंत्र के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माता कंपनी को शुभकामना देने के साथ आश्वस्त किया कि सरकार उनको व्यवसाय में पूरा सहयोग देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग उभरता हुआ सेक्टर है। इलेक्ट्रिक व्हीकल ही भविष्य है। इलेक्ट्रिक वाहन को सरकार आगे बढ़ा रही है, क्योंकि दुनिया ग्लोबल वार्मिंग से परेशान है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते आठ वर्ष में उत्तर प्रदेश सिर्फ असीमित क्षमताओं वाला प्रदेश ही नहीं रहा बल्कि क्षमताओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका है। उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पसंद में पहले स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए मैं हिंदुजा परिवार को बधाई देता हूं। यह निवेश बताता है कि यूपी में बीते आठ वर्षों में क्या परिवर्तन हुए हैं। प्रदेश के हर जिले में निवेश हो रहा है। जो कि बताता है कि अब यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल का ही प्रदेश नहीं बल्कि पोटेंशियल को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका है।
दुनिया के निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यूपी न सिर्फ देश के बल्कि दुनिया के निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। यही कारण है कि यूपी में निवेश के लिए 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। आठ वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में जो काम हुआ है यही कारण है कि आज देश के 55 फीसदी एक्सप्रेस वे यूपी में हैं। प्रदेश में रैपिड रेल बनाई जा रही है। आज प्रदेश में 18 हजार स्टार्टअप काम कर रहे हैं।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम
भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस मौके पर कहा कि यह सिर्फ प्रदेश के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम है। यह भारत के कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
यूपी की रेटिंग अब एक्सीलेंट : राजनाथ
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी जी जिस तरह से यूपी को चला रहे हैं। उससे सहज ही प्रदेश की रेटिंग एक्सीलेंट कही जा सकती है। अशोक लीलैंड कंपनी की इस ईवी फैक्टरी का उद्धाटन प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि मैं लखनऊ से सांसद हूं पर अगर मैं लखनऊ का न भी होता तो भी यह शहर मुझे उतना ही प्रिय होता जितना कि आज है। पहले जिस यूपी को खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था वो अब निवेश के क्षेत्र में अपनी जगह बना रहा है। यह बहुत बड़ी बात है। प्रदेश में निवेश होने से यहां के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार मिल सकेगा।
भारत अब अपने हथियार खुद बनाता
रक्षामंत्री ने कहा कि अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है। अब भारत एक कमजोर देश नहीं बल्कि अपने हथियार खुद बनाता है और इस कार्य में यूपी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं। प्रदेश में जिस तरह से कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार हुआ है वो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में रोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास हुआ और अच्छा माहौल मिलने से अब निवेश आ रहा है। यूपी में अब परिवर्तन दिखाई दे रहा। आज की यूपी उपद्रव नहीं उत्सव का प्रदेश है। उन्होंने कहा कि देश का 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में है। उत्तर प्रदेश सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट सोच से प्रदेश को अब नई पहचान मिली है। विजन 2047 हर भारतीय का संकल्प वर्ष है।
अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैक्ट्री में पहुंचकर ई-बसों का अंदर से निरीक्षण किया। राजनाथ सिंह ने ई-बस में सफर कर परियोजना का जायजा लिया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह भी मौजूद थे।
78 एकड़ में अशोक लेलैंड का ईवी प्लांट
सरोजनी नगर में 78 एकड़ में बना अशोक लेलैंड का ईवी प्लांट रिकॉर्ड 16 महीने में तैयार हुआ है। हिंदूजा ग्रुप का यह इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस है और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यहां पर ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहन बनाए जाएंगे। सरकार और कंपनी ने प्लांट को उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी औद्योगिक उपलब्धि बताया है।
