मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत सामग्री से भरे 48 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

राहत सामग्री बाढ़ पीडि़त राज्यों पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड भेजी गई
उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश को पांच-पांच करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता की घोषणा
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज पंजाब, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के बाढ़ पीडि़तों की सहायतार्थ राहत सामग्री से भरे 48 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और हिमाचल व उत्तराखंड को 5-5 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के तहत यह कार्य किया जा रहा है तथा उत्तर प्रदेश की 125 करोड़ जनता इस संकट की घड़ी में तीनों राज्यों के साथ है।
मुख्यमंत्री श्री योगी आज यहां अम्बाला रोड स्थित सरोवर पार्टिको परिसर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। निर्धारित समय 1:05 बजे मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ कार्यस्थल पर पहुंचे। उन्होंने सभी आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इस संकट की घड़ी में पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड के साथ है और पीडि़त नागरिकों की सहायता के लिए जो राहत सामग्री उत्तर प्रदेश में वितरित की जाती है, ऐसी ही सामग्री को पीडि़तों के लिए तीनों राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक भारत-श्रेष्ठ भारत की अवधारणा पर आपदा व संकटग्रस्त लोगों की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, लखनऊ और बलिया तक सभी लोग संकट की इस घड़ी में तीनों राज्यों के साथ खड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने व अतिवृष्टि होने के कारण अत्यधिक त्रासदी हुई है। इसके लिए दोनों राज्यों को पांच-पांच करोड़ रूपए की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता व राहत सामग्री के लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं जिनमें हिमाचल प्रदेश के लिए राज्यमंत्री जसवंत सैनी राहत सामग्री व राहत सहायता का चेक, उत्तराखंड के लिए राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता का चेक लेकर जाएंगे। जबकि नगर विधायक राजीव गुम्बर राहत सामग्री लेकर पंजाब के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि तीनों प्रतिनिधि तीनों राज्य सरकारों को अपने संवेदना पत्र प्रेषित करेंगे और राहत सामग्री भेंट कर उन्हें संकट के समय में साथ खड़े होने का आश्वासन भी देंगे। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी लोग मिलकर सामना कर रहे हैं तो ऐसे में पीडि़त लोगों को अधिक से अधिक संवेदनाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के जिन जनपदों में बाढ़ और जलभराव जैसे हालात बने हैं और वहां फसलें नष्ट हुई हैं और फसलों का सर्वे कराकर पीडि़तों के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि 12 घंटे के अल्पसमय में प्रशासन द्वारा सूचना के आधार पर जिस प्रकार राहत सामग्री एकत्रित की है, वह अत्यधिक प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, पंजाब व हिमाचल के लिए मिसाल कायम की है। इस दौरान प्रदेश के राज्यमंत्री जसवंत सैनी, कुंवर ब्रजेश सिंह ने मुख्यमंत्री का नगर आगमन पर स्वागत किया। वहीं मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
इनके अलावा विधायक राजीव गुम्बर, देवेंद्र निम, कीरत सिंह, मुकेश चैधरी ने शॉल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया। इस अवसर पर ्रप्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जसवंत सैनी, जिला प्रभारी वाई. पी. सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चैधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, महापौर डा. अजय सिंह, विधायक राजीव गुम्बर, कीरत सिंह, मुकेश चैधरी, जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई समेत भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।