मुख्यमंत्री आज करेंगे शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल (आज) सहारनपुर पहुंचकर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के छात्र-छात्राओं की समस्याओं के मद्देनजर सहारनपुर में मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना को हरी झंडी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाने वाला मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय स्थित गांव पुवांरका में बनाया जा रहा है।

मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय में आगामी सत्र से कार्य संचालित करने को लेकर मुख्यमंत्री विशेष रूप से गम्भीर हैं जिसके चलते विगत दिवस सहारनपुर के नवागत जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह ने भी मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय का दौरा कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया था तथा कार्यदायी संस्था को समय रहते निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल (आज) विशेष विमान से सरसावा एयरपट्टी पहुंचेंगे जहां से वे हेलीकाप्टर द्वारा मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर दौरे को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं तथा विश्वविद्यालय परिसर में ही हैलीपैड का निर्माण कराया गया है।