मुख्यमंत्री ने लाभार्थी सुनीता से कहा, अच्छा घर बनाइयें, अभी दो किश्त और मिलेंगी
- सहारनपुर में एनआईसी में लाभार्थी सुनीता से वर्चुअल संवाद करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं सहारनपुर के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण।
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के अंतर्गत व्यक्तिगत आवास निर्माण हेतु सहारनपुर जिले के 10 हजार 214 लाभार्थियों के खाते में सिंगल क्लिक से प्रथम किश्त की धनराशि एक लाख रुपये स्थानांतरित की। उन्होंने सहारनपुर की एक महिला लाभार्थी सुनीता से भी वर्चुअल संवाद किया।
जनमंच में आयोजित समारोह में प्रतीक रुप में 10 लाभार्थियों को नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई व दल नेता मुकेश गक्खड़ द्वारा आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गए। प्रदेश में, सर्वाधिक 10 हजार 214 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र सहारनपुर में वितरित किये गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में कुछ लाभार्थियों के साथ उपस्थित संतनगर, नुमाइश कैंप निवासी सहारनपुर की एक लाभार्थी सुनीता पत्नी अशोक कुमार से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सुनीता से पूछा, उसका घर कहां हैं, सरकारी योजनाओं का क्या-क्या लाभ मिला है? घर में कौन-कौन है, तुम्हारे साथ जो लाभार्थी बैठे है, इन सबकों भी लाभ मिल रहा है ना? इस पर सुनीता ने जवाब दिया-‘ जी सबको लाभ मिल रहा है, मैं आज बहुत खुश हूं। परिवार में हम चार लोग है, हमारे दो बच्चे हैं, मेरे पति बिजली का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने सुनीता से आगे कहा कि घर बनायेंगे तो बिजली का काम फ्री हो जायेगा, यह घर प्रधानमंत्री ने आपको दिया है। मकान अच्छा बनाइए, अभी दो किश्त आपको और मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में आज 90 हजार लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत प्रथम किश्त भेजी गयी है। सहारनपुर में 10 हजार 214 को यह लाभ मिला है।
इससे पूर्व अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकासधर दुबे, पीओ डूडा विकास कुमार पाण्डेय ने अतिथियों को बुके देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उक्त अतिथियों के अलावा अनेक पार्षदगण मौजूद रहे। संचालन डॉ. वीरेन्द्र आजम ने किया।
