मुख्यमंत्री 23 दिसम्बर को रख सकते हैं सहारनपुर विश्वविद्यालय की आधारशिला

सहारनपुर [24CN] । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सहारनपुर जनपद के पुवांरका में राजकीय विश्वविद्यालय के निर्माण को हरी झंडी देने के बाद जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण सम्बंधी सारी कार्यवाही पूरी करने के बाद अब आगामी 23 दिसम्बर को विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी जाएगी। विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के लिए आगामी 23 दिसम्बर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे के मद्देनजर आज जिलाधिकारी व एसएसपी ने पुवांरका का दौरा कर निरीक्षण किया तथा अधीनस्थ अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि सहारनपुर के नागरिकों द्वारा कई दशकों से सहारनपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने की मांग की जा रही थी। 2007 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के सहारनपुर जनपद की तत्कालीन हरौड़ा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए सहारनपुर को मंडल का दर्जा देने के साथ ही सहारनपुर में मेडिकल कालेज की स्थापना कराए जाने से क्षेत्र की जनता को विश्वविद्यालय स्थापना की उम्मीद भी लगी थी परंतु विश्वविद्यालय की स्थापना न होने से क्षेत्र की जनता को मायूसी को सामना करना पड़ा था। 2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सहारनपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना से अवगत कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की थी।

इस पर मुख्यमंत्री श्री योगी ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए सहारनपुर में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दिलाई थी। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा सहारनपुर में कई स्थानों पर विश्वविद्यालय निर्माण के लिए भूमि की तलाश की गई थी जिसमें जिला प्रशासन द्वारा विश्वविद्यालय निर्माण के लिए पुवांरका स्थित राजकीय महाविद्यालय के भवन को चुना गया था। सहारनपुर में राजकीय विश्वविद्यालय में कामकाज इसी वर्ष से शुरू कराने के लिए प्रतिबद्ध शासन द्वारा 23 दिसम्बर को राजकीय विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सहारनपुर पहुंचकर 23 दिसम्बर को विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। इसी के मद्देनजर आज जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व एसएसपी डा. एस. चन्नपा ने पुवांरका पहुंचकर विश्वविद्यालय की प्रस्तावित भूमि पर चल रहे सफाई व अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन के चलते आज पुवांरका व आसपास के क्षेत्र में युद्धस्तर पर सफाई कार्य भी कराया गया ताकि समय से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके।