चौ. नीरपाल सिंह ने थामा रालोद का दामन
सहारनपुर [24CN]। अंतर्राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी व पूर्व मंत्री चौ. नीरपाल सिंह ने समर्थकों के साथ कांग्रेस को अलविदा कहकर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी के समक्ष रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। चौ. नीरपाल सिंह के सहारनपुर लौटने पर समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश ग्रामोद्योग में दर्जा राज्यमंत्री रहे चौ. नीरपाल सिंह विभिन्न खेल, सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं तथा उनकी गिनती पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में की जाती है। चौ. नीरपाल सिंह पहले रालोद में रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने सपा व कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की थी। विगत दिवस चौ. नीरपाल सिंह ने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के समक्ष रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। चौ. नीरपाल सिंह के रालोद में शामिल होने से जहां रालोद को मजबूती मिलेगी। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को गहरा झटका लगा है।
चौ. नीरपाल सिंह के आज सहारनपुर लौटने पर उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि वे अपने पुराने घर में वापस आ गए हैं। अब रालोद को बूथ स्तर से लेकर ब्लाक, तहसील व गांव स्तर तक मजबूत बनाने का काम किया जाएगा और पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे वह पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का काम करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह मिशन 2022 को सफल बनाने में जुट जाएं ताकि जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत किया जा सके। इस दौरान चौ. नरेंद्र सिरोही, चौ. मैनपाल सिंह, सपन कुमार जाटव, भगतसिंह गुर्जर, सोकेंद्र राठी, विजय कश्यप, अनुज धीमान, ठा. जनकसिंह, चौ. अजय सिंह, सलीम कुरैशी, मो. इरफान, राजू अरोड़ा, मुकेश शर्मा आदि शामिल रहे।