किसान दिवस के रूप में मनाया चौ. चरणसिंह का जन्मदिवस
- सहारनपुर में चौ. चरणसिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते सपाई।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के मसीहा व पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई तथा चौ. चरणसिंह द्वारा किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उनके आदर्शों व सिद्धांतों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद ने कहा कि चौ. चरणसिंह ने आजीवन किसानों के लिए संघर्ष किया जिसके परिणामस्वरूप किसानों को उनके अधिकार प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि आज किसानों के उत्थान हेतु जो भी योजनाएं चल रही हैं वे सभी चौ. चरणसिंह की ही देन हैं। विधायक आशु मलिक ने कहा कि चौ. चरणसिंह ने किसानों के उत्थान के लिए इतना कार्य किया है कि किसान कभी भी उनके ऋण को नहीं उतार सकते। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चौ. चरणसिंह के आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री सरफराज खान व पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, वरिष्ठ नेता अमरीश चौटाला ने कहा कि चौ. चरणसिंह ने अपने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में किसानों को सर्वोपरि मानकर उनके हितों की रक्षा की। उन्होंने कहा कि आज चौ. चरणसिंह के सिद्धांतों व आदर्शों को अपनाने की जरूरत है। पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी, जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, इंजी. विजेश शर्मा ने कहा कि चौ. चरणसिंह ने ही देश में किसान को अन्नदाता के रूप में पहचान दिलाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति गम्भीर नहीं है जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। इस दौरान सपा प्रदेश सचिव प्रतिनिधि चौ. प्रवीण बांदूखेड़ी, चौ. अब्दुल गफूर, रमेश पंवार, फयाज मलिक, शाहनवाज चांद, महजबी खान, अंजू रानी, सुलताना, साबिर अली, अतीक अहमद, मंजू रानी, अजीम मलिक, अब्दुल रहमान, इरफान ठेकेदार, शाहरूख मलिक, गुलजार मलिक, शकील अहमद, छोटा खान, गुफरान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।