किसानों व मजदूरों के सच्चे हमदर्द थे चौ. चरणसिंह

- सहारनपुर में पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह की पुण्यतिथि मनाते सपा कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के मसीहा व देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह की पुण्यतिथि पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया तथा उनके सिद्धांतों व आदर्शों का अनुसरण कर सपा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए आयोजित कार्यक्रम में सपा जिला उपाध्यक्ष चौ. अब्दुल गफूर व जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत ने कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौ. चरणसिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा जिला उपाध्यक्ष चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि चौ. चरणसिंह किसानों के सच्चे मसीहा थे जिन्होंने सदैव किसानों व मजदूरों के हितों के लिए सडक़ से लेकर संसद तक मजबूती के साथ आवाज उठाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि देश के किसानों व मजदूरों का उत्थान ही चौ. चरणसिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत ने कहा कि सपा ही पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरणसिंह की नीतियों का अनुसरण कर किसानों व मजदूरों के उत्थान में लगी हुई है। उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को चौ. चरणसिंह का वैचारिक उत्तराधिकारी बताते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव द्वारा चौ. चरणसिंह की नीतियों का अनुसरण कर किसानों व मजदूरों के साथ-साथ सभी मजदूरों के उत्थान की दिशा में काम किया गया।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी चौ. चरणसिंह की नीतियों का ही अनुसरण कर रहे हैं। सपा जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी व वरिष्ठ नेता वेदपाल पटनी ने कहा कि चौ. चरणसिंह ईमानदारी व सादगी की प्रतिमूर्ति थे जिन्होंने पटवारी राज का खात्मा कर किसानों को नई जिंदगी देने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज देश में चौ. चरणसिंह की नीतियों को लागू करने की आवश्यकता है क्योंकि चौ. चरणसिंह का मानना था कि यदि किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। चौ. चरणसिंह कहा करते थे कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत व खलिहान से होकर गुजरता है। इस दौरान हनीफ तेली व सचिन भारद्वाज भी मौजूद रहे।