Chandrayaan-3: भारत के माथे पर ‘चांद’ का टीका, ऐसा रहा 41 दिनों का सफर; दुनिया बोली- ‘INDIA में है दम’

बेंगलुरु। इसरो के महत्वाकांक्षी मिशन चंद्रयान-3 के लैंडर माड्यूल (एलएम) ने बुधवार शाम चंद्रमा की सतह को चूम कर अंतरिक्ष विज्ञान में सफलता की एक नई परिभाषा लिखी। विज्ञानियों के अनुसार इस अभियान के अंतिम चरण में सारी प्रक्रियाएं पूर्व निर्धारित योजनाओं के अनुरूप ठीक वैसे ही पूरी हुईं जैसा तय किया गया था। लैंडिंग के कुछ समय बाद इसरो के मिशन आपरेशन कांप्लेक्स के साथ लैंडर विक्रम का संचार संपर्क स्थापित हो गया। इसरो ने उतरने के दौरान विक्रम के कैमरे से ली गई तस्वीरें जारी कर कहा कि लैंडर ने उतरने के लिए अपेक्षाकृत सपाट सतह का चयन किया है
रोवर प्रज्ञान भी लैंडर से बाहर निकला
आइएएनएस के अनुसार, देर रात रोवर प्रज्ञान भी चंद्रयान-3 लैंडर से बाहर निकल रैंप पर आ चुका था। अंतरिक्ष में निजी कंपनियों के नियामक इनस्पेस के चेयरमैन पवन के गोयनका ने फोटो के साथ यह सूचना इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर साझा की। इस सफलता को केवल इसरो के विज्ञानी, भारत का हर आम और खास व्यक्ति ही टीवी स्क्रीन पर टकटकी बांधे नहीं देख रहा था, बल्कि विश्व के कई देशों में भी इसे पल-पल देखा गया।
रोसकोसमोस ने भारत को बधाई दी
ब्रिक्स सम्मेलन में प्रतिभाग कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी जोहानिसबर्ग से वर्चुअली इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और सफल लैंडिंग के बाद तिरंगा लहराकर हर्ष व्यक्त किया। अब तक अमेरिका, तत्कालीन सोवियत संघ (रूस) और चीन ने चंद्रमा की सतह पर लैंडर उतारे हैं। रूस ने दक्षिणी ध्रुव पर उतरने के लिए लूना-25 यान भेजा था जो बीते रविवार इंजन बंद होने से क्रैश हो गया। अब चंद्रयान-3 की सफलता पर रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोसकोसमोस ने भारत को बधाई दी है।
ऐसे हुई साफ्ट लैंडिंग
लैंडिंग प्रक्रिया के अंतिम 20 मिनट को इसरो ने भय वाला समय बताया था। इसमें भी अंतिम 17.04 मिनट बेहद तनाव भरे रहे। बेंगलुरु के पास ब्यालालू स्थित अपने इंडियन डीप स्पेस नेटवर्क से इसरो ने लैंडिंग के तय समय से करीब दो घंटे पहले जरूरी कमांड भेजीं। इसके बाद चांद की सतह से करीब 30 किमी की ऊंचाई पर लैंडर पावर ब्रेकिंग चरण में पहुंचा। शाम 5.44 बजे इसके उतरने की पावर डिसेंट प्रक्रिया 25 किमी की ऊंचाई से आरंभ हुई। इसरो अधिकारियों के अनुसार चांद की सतह से 6.8 किलोमीटर की दूरी पर पहुंचने पर लैंडर के केवल दो इंजन का प्रयोग हुआ और बाकी दो इंजन बंद कर दिए गए। जिसका उद्देश्य सतह के और करीब आने के दौरान लैंडर को ‘रिवर्स थ्रस्ट’ (सामान्य दिशा की विपरीत दिशा में धक्का देना, ताकि लैंडिंग के बाद गति कम की जा सके) देना था।
एक चंद्र दिवस तक होगा अध्ययन
इसरो के अनुसार चंद्रमा की सतह और आसपास के वातावरण का अध्ययन करने के लिए लैंडर और रोवर (प्रज्ञान) के पास एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के लगभग 14 दिन के बराबर) का समय होगा। हालांकि विज्ञानियों ने दोनों के एक और चंद्र दिवस तक सक्रिय रहने की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया है। लैंडर माड्यूल में कुल पांच पेलोड लगे हैं। इसमें नासा का भी पेलोड है। लैंडर में लगे पेलोड से चांद की सतह का अध्ययन किया जाएगा। इसमें भेजे गए तीन पेलोड रंभा-एलपी, चेस्ट और इल्सा हैं। इनमें से एक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की मिट्टी और चट्टान का अध्ययन करेगा। दूसरा पेलोड रासायनिक पदार्थों और खनिजों का अध्ययन करेगा और देखेगा कि इनका स्वरूप कब-कितना बदला है ताकि उनका इतिहास जाना जा सके। तीसरा पेलोड ये देखेगा कि चंद्रमा पर जीवन की क्या संभावना है और पृथ्वी से इसकी कोई समानता है भी कि नहीं। रोवर कुछ दूरी तक चलकर चांद की सतह का अध्ययन करेगा। चार पहियों वाले लैंडर और छह पहियों वाले रोवर का कुल वजन 1,752 किलोग्राम है। लैंडिंग को सुरक्षित बनाने के लिए लैंडर में कई सेंसर लगाए गए। इनमें एक्सीलरोमीटर, अल्टीमीटर, डाप्लर वेलोसीमीटर, इनक्लिनोमीटर, टचडाउन सेंसर और कैमरे शामिल हैं।
इसलिए अहम है दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र
चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र पर्यावरण और उनसे होने वाली कठिनाइयों के कारण बहुत अलग भूभाग हैं और इसलिए अभी अज्ञात बने हुए हैं। विज्ञानियों का मानना है कि इस क्षेत्र के हमेशा अंधेरे में रहने वाले स्थानों पर पानी की प्रचुर मात्रा हो सकती है। इसी कारण चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरना बहुत अहम माना जाता है। यहां जमी बर्फ से भविष्य के अभियानों के लिए आक्सीजन, ईंधन और पेयजल मिलने की संभावना भी है।
पूरे देश ने देखा ऐतिहासिक क्षण
लोग अपने विज्ञानियों की प्रतिभा पर गौरवान्वित हो रहे हैं। इसरो की वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज के साथ दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर इस ऐतिहासिक घटना का प्रसारण हुआ। जिसे देश के कोने-कोने में स्कूलों, कालेजों में भी दिखाया गया। कई स्थानों पर पूजा-हवन हुए, चंद्रयान-3 मिशन की सफलता की प्रार्थना की गई। यूट्यूब पर लैंडिंग को करीब 70 लाख लोगों ने देखा। चंद्रमा तक पहुंचने के लिए इसरो का यह तीसरा मिशन था। कई चरणों में ऐसे पूरा हुआ मिशन:14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एलवीएम3-एम4 राकेट चंद्रयान-3 को लेकर रवाना हुआ था। इसके बाद इसरो ने पृथ्वी से दूर कई बार चंद्रयान-3 की कक्षाएं बदली थीं। पृथ्वी की अलग-अलग कक्षाओं में परिक्रमा करते हुए एक अगस्त को ¨स्लगशाट के बाद पृथ्वी की कक्षा छोड़कर यान चंद्रमा की कक्षा की ओर बढ़ा था। पांच अगस्त को इसने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया। छह अगस्त को इसने पहली बार कक्षा बदली। इसके बाद नौ, 14 और 16 अगस्त को कक्षाओं में बदलाव कर यह चंद्रमा के और निकट पहुंचा। 17 अगस्त को चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन माड्यूल और लैंडर माड्यूल अलग-अलग हो गए और लैंडर माड्यूल चंद्रमा की सतह की ओर बढ़ा। 18 अगस्त को पहली डीबू¨स्टग (धीमा करने की प्रक्रिया) पूरी हुई। 19-20 अगस्त की मध्यरात्रि दूसरी डीबू¨स्टग के बाद रोवर को अपने भीतर सहेजे लैंडर चांद की सबसे करीबी कक्षा में पहुंचा था। इस मिशन में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और यूरोपियन अंतरिक्ष एजेंसी का भी सहयोग मिला।