नई दिल्ली : भाजपा (BJP) ने शुक्रवार को चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) को महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष और आशीष शेलार (Ashish Shelar) को मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। बावनकुले ने चंद्रकांत पाटिल की जगह ली है। क्योंकि वह शिंदे-फडणवीस सरकार के नए शपथ ग्रहण कैबिनेट में मंत्री बने हैं। शेलार ने मंगल प्रभात लोढ़ा की जगह ली है। लोढ़ा महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना सरकार के हाल ही में शपथ ग्रहण मंत्रिमंडल में भी मंत्री बने हैं। बावनकुले की नियुक्ति राज्य में पिछड़े समुदाय के वोटों को मजबूत करने की कोशिश है। आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए इन नेताओं की नियुक्ति हुई है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने आरोप लगाया था कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भाजपा से गठबंधन तोड़ने का स्वागत किया। अपने गृहनगर बारामती में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से शिवसेना को कमजोर करने की योजना बना रही थी और उसी के अनुसार वह उसे दोफाड़ करने में सफल रही। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शिवसेना का चुनाव चिह्न धनुष-बाण इसके संस्थापक बाला साहेब ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना का चुनाव चिह्न है। उससे यह चुनाव चिह्न छीनना कतई उचित नहीं है।

पवार ने कुछ दिनों पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि देश में क्षेत्रीय पार्टियों का कोई भविष्य नहीं है। सिर्फ उनकी ही पार्टी बचेगी। इस बयान से साफ है कि भाजपा अपने सहयोगी क्षेत्रीय दलों को धीरे-धीरे खत्म करना चाहती है। नीतीश का भी यही आरोप है।पवार ने पंजाब के शिअद का उदाहरण देते हुए कहा कि उसके अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल लंबे समय तक भाजपा के साथ रहे। लेकिन अब उनकी पार्टी पंजाब में खत्म होने के कगार पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा की खासियत है कि यह ठीक चुनाव के समय क्षेत्रीय दलों से समझौता करती है और सुनिश्चित करती है कि वे कम सीटें जीतें।