चंडीगढ़ मेयर पद पर फिर भाजपा का कब्जा, सरबजीत कौर को एक वोट से मिली जीत

- चंडीगढ़ मेयर पद पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा की सरबजीत कौर को विजेता घोषित किया गया है। आम आदमी पार्टी का एक वोट इनवेलिट होने के चलते उसे रद कर दिया है।
चंडीगढ़। चंडीगढ़ मेयर पद पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा की सरबजीत कौर को विजेता घोषित किया गया है। आम आदमी पार्टी का एक वोट इनवेलिड होने के चलते उसे रद कर दिया है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार सरबजीत कौर को एक वोट से विजेता घोषित किया गया है।
आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट पड़े थे, लेकिन आप का एक वोट इनवेलिड होने से उसे रद कर दिया गया। इसके बाद आप पार्षदों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया है। दरअसल आम आदमी पार्टी का एक वोट की पर्ची फट गई थी, जिसको लेकर भाजपा ने इसे रद करने की मांग की। इसके बाद सरबजीत कौर को एक वोट से विजेता घोषित किया गया। इसके बाद से दोनों दलों में जमकर हंगामा हो रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। वहीं दोनों दल के पार्षद खूब हंगामा कर रहे हैं और एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। हाथापाई तक की नौबत आ गई है।
भाजाप और आप के पार्षद आपस में हाथापाई पर उतारू हो गए हैं, पुलिस बीच बचाव कर रही है।
चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार हुआ मेयर चुनाव के बाद पार्षद आपस में झगड़ पड़े। आम आदमी पार्टी के प्रधान प्रेम गर्ग सदन में पहुंच गए थे, जिन्हें भाजपा के पार्षदों ने धक्का मार कर बाहर निकाला। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का आरोप है कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सदन की गरिमा को तार-तार किया। उन्होंने कमिश्नर की कुर्सी पर अपनी उम्मीदवार अंजू कत्याल को बिठा दिया। इसके बाद वहां गिलास और माइक को भी तोड़ दिया।
इसके बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा के पार्षद सामने मंच पर आ गए। जहां एक ओर भाजपा की सरबजीत कौर मेयर की कुर्सी पर बैठी हैं। वहीं, आप पार्षदों ने कमीश्नर की कुर्सी पर आप की उम्मीदवार अंजू कत्याल को बैठा दिया था।
मेयर चुनाव के बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। 11 बजे से सभी पार्षद मतदान के लिए नगर निगम पहुंच गए थे। चुनाव के लिए कुल 28 वोट पड़े हैं, जिनमें 14 पार्षद आप, 13 पार्षद भाजपा और एक सांसद किरण खेर का वोट शामिल है। सबसे पहले मेयर और उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। पहले एक साल के लिए मेयर पद महिला के लिए रिजर्व है। आप ने अंजू कत्याल और भाजपा ने सरबजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है।
सांसद किरण खेर ने सबसे पहले मतदान किया।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सांसद किरण खेर के मतदान को लेकर आपत्ति जताई थी। आप पार्षदों का कहना है कि सांसद के पास मेयर चुनाव के लिए वोटिंग राइट्स नहीं है। इसके बाद पीठासीन अधिकारी महेश चंद्र सिद्धू ने कहा कि शहर की सांसद किरण खेर की वोटिंग राइट है इसकी लिखित अधिसूचना भी उन्हें उपलब्ध करवा दी जाएगी। इसके बाद सबसे पहले सांसद किरण खेर ने ही मतदान किया।
आम आदमी पार्टी मेयर पद की उम्मीदवार अंजू कत्याल ने वोट डाला।
नगर निगम में इस बार कुल 35 पार्षद हैं, जिनमें से आम आदमी पार्टी के पास 14, भाजपा के पास 13, सात पार्षद कांग्रेस और एक शिअद का पार्षद भी चुनाव जीता है। वहीं, सांसद किरण खेर भी मेयर चुनाव के लिए मतदान करेंगी। ऐसे में कुल 36 मतदाता मतदान करेंगे और नया मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुना जाएगा। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के पार्षद चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। क्योंकि कांग्रेस के सातों पार्षद राजस्थान के जयपुर चले गए हैं। हालांकि यह भी जानकारी है कि वह चंडीगढ़ वापस लौट रहे हैं, लेकिन मतदान के समय वह नहीं पहुंच पाएंगे
निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे प्रदीप छाबड़ा।
वहीं, बिना टीकाकरण वालों को निगम आफिस में एंट्री नही दी जा रही है। ऐसे में आप नेता प्रदीप छाबड़ा को भी बाहर ही रोक दिया गया है। इसके विरोध में आप नेता व कार्यकर्ता निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें मतदान प्रक्रिया देखने के लिए अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।