दिल्ली हाई कोर्ट में केंद्र सरकार का हलफनामा, पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से हैं रोहिंग्या के संबंध
![दिल्ली हाई कोर्ट में केंद्र सरकार का हलफनामा, पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से हैं रोहिंग्या के संबंध](https://24city.news/wp-content/uploads/2022/09/22_09_2022-court_delhi_23089014.jpg)
- महिला का दावा है कि वह म्यांमार की रहने वाली है। वह रोहिंग्या नहीं है और अमेरिका में अपने पति से री-सेटेलमेंट करने के लिए भारत से जाना चाहती है लेकिन सरकार ने उसे आवेदन को अस्वीकार कर दिया।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में हलफनामा दायर कर कहा है कि कुछ अनाधिकृत रोहिंग्या प्रवासियों के संबंध पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से हैं। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में यह बात सामने आई है, जो देश की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
केंद्र सरकार ने यह हलफनामा एक महिला की याचिका पर अपने जवाब में दाखिल किया है। महिला का दावा है कि वह म्यांमार की रहने वाली है। वह रोहिंग्या नहीं है और अमेरिका में अपने पति से री-सेटेलमेंट करने के लिए भारत से जाना चाहती है, लेकिन सरकार ने उसे आवेदन को अस्वीकार कर दिया।
न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा की पीठ के समक्ष सरकार ने कहा कि म्यांमार से एजेंटों के माध्यम से अवैध प्रवासियों का संगठित प्रवाह हो रहा है। ये एजेंट बेनापोल-हरिदासपुर, हिला (बंगाल) और त्रिपुरा के सोनमोरा के माध्यम से भारत में घुसपैठ कराकर इन्हें सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं। देश में पहले से ही पड़ोसी देशों से आए अवैध प्रवासियों की बड़ी आबादी है।
इसकी वजह से सरकार के सामने तमाम तरह की चुनौतियां खड़ी हो गई हैं और इन राज्यों की जनसंख्या में बड़ा बदलाव आया है। इसका सीधा असर देश के नागरिकों के मौलिक और बुनियादी मानवाधिकारों पर पड़ता है। 2012-2013 के बाद से बड़ी संख्या में रोहिंग्या की देश में घुसपैठ हो रही है।
उधर, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2020 में जहांगीरपुरी में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे दो भगोड़ों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों ने कोर्ट ने भगौड़ा घोषित कर रखा था। इनकी पहचान सद्दाम हुसैन और गुड्डू के तौर पर हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपितों को एसीपी अनिल शर्मा की टीम ने गिरफ्तार किया है। हत्या की वारदात मई 2020 में हुई थी।
आरोपित सद्दाम हुसैन इंद्रलोक में चिकन की दुकान चलाता था। 2020 में इसके भाई शाहबाज और चाचा के बेटे सैफ अली की सरत उर्फ शम्भू से लड़ाई हो गई थी। झगड़े में शम्भू की मौत हो गई थी। इस केस में सद्दाम के पिता, भाई और चाचा का बेटा गिरफ्तार किए गए थे।