
भारतीय छात्रों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करे केंद्र सरकार
सहारनपुर [24CN]। सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में यूक्रेन व रूस के बीच हो रहे युद्ध के कारण भारतीय नागरिकों की यथाशीघ्र सकुशल वापसी कराए जाने की मांग की गई।
देहरादून रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यश राजेश्वर गुलाटी ने कहा कि रूस-यूक्रेन के कारण दुनिया के अधिकांश देशों में तनाव उत्पन्न हो रहा है जिससे भारत भी अछूता नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध के बजाए दोनों देश आपस में बैठकर शांतिपूर्ण समाधान निकालें। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षा प्रदान करते हुए स्वदेश वापसी की मांग की।
उन्होंने कहा कि अत्यधिक तनाव होने के कारण भारतीय छात्रों को कोई सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। यहां तक कि उन्हें खाने-पीने की चीजें भी मुहैया नहीं हो पा रही हैं जिससे उनका जीवन अत्यधिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मांग की कि वे भारतीय छात्रों को स्वदेश लाने के लिए प्रयास तेज करें। इस दौरान गौरव चौहान, मन्नी सूरी, अजय सोनी, लखविंदर सिंह, प्रताप सिंह, ज्ञानचंद सचदेवा, सतीश अनेजा, गौरव वर्मा, नवीन अग्रवाल, मो. उस्मान आदि मौजूद रहे।
