shobhit University Gangoh
 

बड़ी श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

सहारनपुर [24CN]। जनपद में आस्था व विश्वास का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार बड़ी श्रद्धा व उमंग के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं द्वारा अपने घरों में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बनाकर मंदिरों में जाकर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की गई तथा अपने घरों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया।

गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में भाद्रपद माह की कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी उमंग व हर्षोल्लास से मनाने की परम्परा है। कोरोना गाइडलाइन के चलते इस बार भी मंदिरों को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया था। आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं द्वारा अपने घरों में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां व लड्डू आदि बनाकर मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में भजन-कीर्तन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए तथा गगनभेदी जयकारों के बीच ‘हाथी घोड़ा पालकी-जय कन्हैया लाल कीÓ के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गई।

शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के पालन के निर्देश के चलते जनपद में सभी प्रमुख मंदिरों को सेनेटाइज कराया गया था तथा श्रद्धालुओं द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए कतारबद्ध होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर अपनी व अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ ही देश में कोरोना महामारी के खात्मे की भी कामना की। महानगर के प्रमुख मंदिरों सिद्धपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री शंखलेश्वर महादेव मंदिर, श्री रामेश्वरम महादेव मंदिर, गिल कालोनी स्थित नारायण मंदिर, आवास विकास स्थित श्रीहरि मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष में विशेष साज-सज्जा की गई थी तथा लड्डू गोपाल के विशेष पालने भी सजाए गए थे जहां श्रद्धालुओं द्वारा आस्था व श्रद्धा के साथ लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया गया।

Jamia Tibbia