उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया फागोत्सव

उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया फागोत्सव
  • सहारनपुर में पुलिस लाईन में होली का हुड़दंग मचाते पुलिसकमी।

सहारनपुर [24CN]। जनपद में होली फागोत्सव का त्यौहार बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फागोत्सव पर युवाओं, वृद्धों व महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी तथा आपसी भाईचारे व सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया। गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति में चैत्र मास की कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि को होली के अगले दिन फागोत्सव मनाए जाने की परम्परा है।

फागोत्सव पर आज सुबह से ही नन्हें-मुन्ने बच्चों से लेकर युवाओं व वृद्धों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। बच्चों, युवाओं, वृद्धों व महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई देते हुए आपसी गिले-शिकवे दूर कर आपसी सौहाद्र्र व भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। नन्हें-मुन्ने बच्चे जहां हाथों में पानी व रंग से भरे गुब्बारे लेकर एक दूसरे के ऊपर डालते नजर आए। वहीं युवाओं द्वारा अबीर-गुलाल के साथ स्प्रे वाले रंगों को लेकर एक दूसरे के ऊपर डालते नअर आए।

फागोत्सव को लेकर महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली के गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। वहीं अनेक स्थानों पर युवाओं द्वारा डीजे पर होली के गीतों को बजाकर उन पर जमकर नृत्य व धमाल मचाया गया। उधर आज दूसरे दिन पुलिसकर्मियों द्वारा पुलिस लाईन के साथ-साथ जनपद के सभी थानों पर जमकर होली का धमाल मचाया गया। थानों में पुलिसकर्मी डीजे पर गाने बजाकर थिरकते नजर आए।

वहीं एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली के पर्व पर खूब मस्ती की गई। पुलिस लाईन में फागोत्सव पर अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक बिना किसी भेदभाव के होली के गीतों पर झूमते रहे। देर शाम तक पुलिस लाईन व थानों में पुलिसकर्मियों की होली के धमाल का सिलसिला जारी रहा। उधर फागोत्सव को शांतिपूर्ण व निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए जनपद में तैनात पुलिस अधिकारियों से लेकर पुलिस कर्मचारियों तक पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त की गई ताकि फागोत्सव पर कहीं भी कोई दुर्घटना होने पर उत्सव का जोश फीका न पड़े।