केक काटकर मनाया चिराग पासवान का जनमदिन

सहारनपुर [24CN]। लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान के जन्मदिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय बेहट रोड स्थित लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के जिलाध्यक्ष कर्णसिंह गौतम के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान के जन्मदिन पर केक काटकर एक दूसरे को जन्मदिन की बधाई देते हुए चिराग पासवान के दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए लोजपा रामविलास के प्रदेश उपाध्यक्ष व मेरठ मंडल प्रभारी सौराज सिंह पंवार ने कहा कि लोजपा रामविलास पासवान ही दलितों व शोषितों के मसीहा रामविलास पासवान के सिद्धांतों व आदर्शों का अनुसरण करने का काम कर रही है ताकि देश के दलित व शोषित वर्ग को उनके अधिकार दिलाकर रामविलास पासवान के सपनों को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोजपा रामविलास पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का काम करेगी ताकि लोजपा रामविलास के बिना किसी भी दल की सरकार न बन सके और दलित, शोषित व अल्पसंख्यक वर्ग की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जा सके।

जिलाध्यक्ष कर्णसिंह गौतम ने कहा कि चिराग पासवान ही रामविलास पासवान के राजनीतिक वारिस हैं जिन्हें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। वह दिन दूर नहीं है जब चिराग पासवान इस स्थिति में होंगे कि उनके समर्थन बगैर किसी भी दल की सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के साथ ही पार्टी के सिद्धांतों व नीतियों का प्रचार-प्रसार करने का भी आह्वान किया। इस दौरान दलित सेना के प्रदेश सचिव हरिओम पासवान, युवा लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भीमसिंह पंवार, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष शहजादी, पूर्व नगराध्यक्ष राजकुमार गौतम, हिमांशु गौतम, किरणपाल आदि सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।