Ceasefire Violation: ना’पाक हरकत का भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब, अब तक 4 पाकिस्तानी सैनिक ढेर

जम्मू । पाकिस्तानी सैनिकों को भारतीय जवानों को उकसाना महंगा पड़ गया। अपनी नापाक हरकतों से बाज न आते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने देर रात भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। सतर्क भारतीय जवानों ने गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया। जिन पाकिस्तानी चौकियों से भारती सीमा में गोले दागे जा रहे थे भारतीय जवानों ने उन्हें निशाना बनाते हुए यहां से भी गोलाबारी की। नतीजतन पाकिस्तान की चार चौकियां तबाह हो गई जबकि दो जवान मारे गए। मरने वालों में एक लांस नायक व एक सिपाही शामिल है।
गोलाबारी में घायल हुए दो अन्य पाक सैनिकों ने भी दम तोड़ दिया हैं। हालांकि पाक सेना ने इसकी अधिकारी पुष्टि नहीं की है परंतु भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तबाह हुई पाकिस्तानी चौकियों में तीन से चार सैनिक घायल हुए थे, जिनमें से दो ने दम तोड़ दिया है।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात 10 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे मनकोट सेक्टर और कृष्णाघाटी में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने तुरंत अपनी पोजीशन लेते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। भारतीय जवान समझ गए कि पाकिस्तानी सैनिक एक बार फिर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के इरादे से रात के अंधेरे में गोलाबारी का सहारा ले रहे हैं। ऐसे में भारत के सतर्क जवानों ने सीमा से सटे सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया ताकि गोलाबारी की आड़ में आतंकी इस ओर प्रवेश न कर जाएं।
वहीं जवानों के दूसरे दल ने उस ओर गोलाबारी शुरू कर दी जहां से पाकिस्तानी सैनिक गोले दाग रहे थे। नतीजतन चार पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया गया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दो जवान जिनकी पहचान लांस नायक तारिक और सिपाही जफूर मौके पर ही मारे गए जबकि तीन से चार अन्य पाक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। आज दोपहर बाद सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान के घायल जवानों में से दो अन्य ने भी दम तोड़ दिया है। हालांकि पाक सेना ने अभी तक इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। परंतु भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात को सही करार दिया है। अभी भी एक से दो पाक सैनिक घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है भारतीय जवानों की इस जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी थम गई।
वहीं एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पाकिस्तानी इस क्षति के बाद एक बार फिर गोलाबारी का सहारा लेगा। सभी जवानों को सतर्क रहने की हिदायत दे दी गई है। यही नहीं सीमा से सटे रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी गोलाबारी शुरू होने पर बंकर में जाने की हिदायत दे दी गई है।