सहारनपुर में कैच द रेन 2025 अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न

- सहारनपुर में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक को सम्बोधित करती नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतिमा सिंह।
सहारनपुर। केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं निदेशक उद्योग और आंतरिक व्यापार प्रचार श्रीमती प्रतिमा सिंह ने कहा कि जल अमूल्य संसाधन है और इसके संरक्षण के बिना सतत विकास की कल्पना अधूरी है। नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतिमा सिंह आज कलक्ट्रेट सभागार में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित कैच द रेन 2025 अभियान की समीक्षा कर रही थी। बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा जनपद में जल संरक्षण के तहत किये गए कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी गई।
उन्होंने बताया कि जिले में तालाबों के जीर्णोद्धार, खेत तालाब, रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर शेड, साकपिट निर्माण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। नोडल अधिकारी श्रीमती प्रतिमा सिंह ने जनपद में हो रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने अभियान के तहत अधिकाधिक लोगों को वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित करने और भूजल स्तर में सुधार के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने सिंघली नदी के पुनरुद्धार एवं जिले में प्रस्तावित वृक्षारोपण गतिविधियों की जानकारी साझा की। सीजीडब्ल्यूए के वैज्ञानिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों द्वारा किए गए जल संरक्षण कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
नोडल अधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण कर भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करना है। यह अभियान न केवल जल संचयन को प्रोत्साहित करता है, बल्कि लोगों को जल प्रदूषण, बाढ़, सूखा और कटाव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए भी तैयार करता है। बैठक में डीएफओ शुभम सिंह, तकनीकी अधिकारी विकास तोमर, डीएफओ श्वेता सैन, लघु सिंचाई, भूमि संरक्षण, कृषि, जल निगम एवं उद्यान विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।