shobhit University Gangoh
 

भाजपा शासनकाल में सुरक्षित व खुशहाल है व्यापारी: शारदा

भाजपा शासनकाल में सुरक्षित व खुशहाल है व्यापारी: शारदा
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा।

सहारनपुर [24CN] । भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के कार्यकाल में व्यापारी खुशहाल और सुरक्षित हुआ है। पूर्व की सपा और बसपा सरकार के कार्यकाल में व्यापारी सहित सर्वसमाज के लोग अपराधियों की वजह से दहशत में रहते थे। विनीत अग्रवाल शारदा आज यहां दाबकी रोड स्थित एक सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है और एमएसएमई सेक्टर के लिए अच्छी खासी व्यवस्था की गई है जिससे देश में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से व्यापार और उद्योग के लिए एक वातावरण बना है जिससे कि उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश का रूख किया है। प्रदेश में बड़ी-बड़ी उद्योग ईकाइयां लग रही हैं। पूर्व की सपा और बसपा सरकार में व्यापारी उत्तर प्रदेश में आते हुए भी डरते थे। प्रदेश के व्याारी अपराधियों की वजह से त्रस्त थे। रंगदारी, अपरण और हत्या के मामले आए दिन व्यापारियों के साथ होते थे मगर, योगी सरकार ने बदमाशों का खात्मा कर राम राज्य की स्थापना की है। व्यापारियों के प्रदेश में निवेश करने के लिए सभी प्रक्रियाओं को सरकारों ने आसान किया है। लॉकडाउन के दौरान भी सरकार ने जनहित में अहम फैसले लिए थे। स्वदेशी कोरोना वैक्सीन भी बड़ी उपलब्धि है, जो लोग वैक्सीन को गलत बता रहे हैं, वो हमारे वैज्ञानिकों का अपमान कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने सर्व समाज के हितों को ध्यान में रखकर बजट पेश किया। अब यूपी सरकार भी ऐसी बजट ला रही है।

एक सवाल के जवाब उन्होंने कहा कि किसान तो व्यापारी की आत्मा है और किसान व व्यापारी का चोली दामन का साथ है और कहा कि नए कृषि कानूनों का विरोध किसान नहीं कर रहे हैं यह तो सिर्फ विपक्षी दलों की साजिश है, जो कुछ किसानों को गुमराह किए हुए हैं। भाजपा सरकारें हमेशा किसानों और व्यापारियों के साथ है। सपा सरकार में सिर्फ पांच जिलों में विकास होता था, अब प्रदेश के सभी 75 जनपदों में चहुमुखी विकास हो रहा है। वार्ता के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष शेखर ठकराल, व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश सेठी, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, विपिन सलूजा मौजूद रहे।

Jamia Tibbia