कांवड मार्ग पर लोगों द्वारा किए गये अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
- देवबंद मंगलौर मार्ग पर फैले अतिक्रमण को हटाता बुलडोर
देवबंद [24CN]: कांवड यात्रा के मद्देनजर शनिवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पालिका टीम के साथ कांवड मार्ग पर अतिक्रमण अभियान चलाया। प्रशासन के बुलडोजर ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। साथ ही अधिकारियों ने मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानें बंद कराईं। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
शनिवार को एसडीएम दीपक कुमार, सीओ रामकरण और पालिका के ईओ धीरेंद्र कुमार रॉय के नेतृत्व में कांवड मार्ग देवबंद मंगलौर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रशासन के बुलडोजर ने अवैध रुप से किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया। साथ ही अधिकारियों ने सड़क किनारे लगाई गई फलों सहित अन्य दुकानों को हटवाया। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि फिर से अतिक्रमण पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि क्षेत्र से होकर गुजरने वाले शिवभक्तों कांवडियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांवड मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकानें बंद कराई गई हैं तथा शराब के ठेकों को पर्दों से ढ़कवाया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों को पूरी तरह सतर्कता बरतने को निर्देशित किया गया है। इसमें स्वास्थ्य लिपिक विकास चौधरी, स्वास्थ्य निरीक्षक पोपिन कुमार, सुंदर लाल, बिरला सूद आदि मौजूद रहे।
