30 नवम्बर को जिला मुख्यालय पर बजाएंगे आंदोलन का बिगुल

- सहारनपुर में अखिल भारतीय उपाध्याय समाज की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN] । भारतीय उपाध्याय समाज की बैठक में अनिल उपाध्याय को न्याय न मिलने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया तथा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 30 नवम्बर तक आरोपी दारोगा की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 30 नवम्बर को हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। भारतीय उपाध्याय समाज की बैठक को सम्बोधित करते हुए भारतीय उपाध्याय समाज के युवा जिलाध्यक्ष व नगर निगम के पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि अनिल उपाध्याय की मौत के जिम्मेदार दारोगा के खिलाफ अभी तक पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की है और न ही अभी तक शासन-प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार का मुआवजा पीडि़त परिवार को नहीं दिया गया है।
उनका कहना था कि अनेक बार जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई गई थी। इसके बावजूद अभी तक पुलिस द्वारा इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही अभी जिला प्रशासन द्वारा पीडि़त परिवार को मुआवजा दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि एक ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महिलाओं को इंसाफ दिलाने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर आरोपी दारोगा खुलेआम घूम रहा है और धमकी दिलवा रहा है कि फैसला कर लो अन्यथा अंजाम बुरा होगा। बैठक में मनोज उपाध्याय, महामंत्री रामकुमार उपाध्याय, रणवीर उपाध्याय, सोमेंद्र उपाध्याय, अमित उपाध्याय, मोहित उपाध्याय एडवोकेट, बंसीलाल उपाध्याय, धर्मपाल उपाध्याय, सत्यप्रकाश उपाध्याय, तेजवीर सिंह उपाध्याय, पं. सतेंद्र शर्मा, विशाल देव शर्मा, विशाल नामदेव आदि मौजूद रहे।