धूमधाम के साथ मनाया गया बुद्ध पूर्णिमा पर्व

धूमधाम के साथ मनाया गया बुद्ध पूर्णिमा पर्व
  • सहारनपुर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते श्रद्धालु।

सहारनपुर। जनपद में आज बुद्ध पूर्णिमा का पर्व बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बौद्ध धर्म के अनुयायियों द्वारा भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लिया गया। स्थानीय अम्बेडकरपुरम स्थित बौद्ध विहार में आयोजित कार्यक्रम में बुद्ध विहार की प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में बुद्ध पूर्णिमा का पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। पदाधिकारियों द्वारा बुद्ध विहार में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का अनुसरण करके ही विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ने पूरी मानवता को संदेश देने का काम किया था जिसके बल पर आज दुनिया के अधिकांश देशों में बौद्ध धर्म का परचम लहरा रहा है। वक्ताओं ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का प्रचार प्रसार करने का आह्वान किया। इस दौरान भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।