बसपा के प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन ने भाजपा सरकार पर साधा न‍िशाना, कहा-जनता के साथ हो रहा मजाक

बसपा के प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन ने भाजपा सरकार पर साधा न‍िशाना, कहा-जनता के साथ हो रहा मजाक
  •  तोपखाना रोड स्थित आयशा पैलेस में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्‍होंने कहा क‍ि बहनजी की सरकार में कानून का राज चलता था। हर अधिकारी समय पर अपने कार्यालय पहुंचकर जनता का काम समय पर करता था।

मुरादाबाद । रामपुर में बहुजन समाज पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के प्रभारी शमसुद्दीन ने कहा कि देश व प्रदेश में इस समय डबल इंजन की सरकार चल रही है। यह सरकार गरीब, अनुसूचित जाति, मजदूर, मुस्लिम, अल्पसंख्यक, बैकवर्ड के खिलाफ अपनी नीतियों को जबरदस्ती थोप रही है। जनता के साथ भारतीय जनता पार्टी मजाक कर रही है। युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं मिल पा रही है। सरकार की नीतियों से किसान भी परेशान हैं।

तोपखाना रोड स्थित आयशा पैलेस में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्‍होंने कहा क‍ि बहनजी की सरकार में कानून का राज चलता था। हर अधिकारी समय पर अपने कार्यालय पहुंचकर जनता का काम समय पर करता था। अगर कोई अधिकारी बहनजी की नीतियों के अनुसार काम नहीं करता था तो वह उस अधिकारी को दंडित करती थीं, लेकिन आज शासन व प्रशासन में भाजपा के बड़े नेताओं की भी कोई बात सुनने को तैयार नहीं। नगीना के सांसद गिरीश चंद जाटव ने बताया कि बहन जी की सरकार में गन्ने का मूल्य सबसे ज्यादा बढ़ाया गया था और हर विभाग में सरकारी नौकरियों की भर्ती की गई थी। आज उनकी सरकार को सब लोग याद कर रहे हैं। बसपा सरकार में सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति पर हर समाज का भला किया जाता था, लेकिन भाजपा सरकार में पक्षपात किया जा रहा है। इस सरकार में हिंदू-मुस्लिम करके देश में ध्रुवीकरण किया जा रहा है। अब जनता समझ चुकी है आने वाले समय में भाजपा को जड़ से उखाड़कर फेंक देगी। जिलाध्यक्ष प्रमोद निरंकारी ने कहा क‍ि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जी-जान से जुट जाएं। हमें रात-दिन मेहनत करके इस बार बहनजी को मुख्यमंत्री बनाना है। इस मौके पर रणविजय सिंह, सुरेंद्र सागर, सदाकत हुसैन, साजिद सैफी, ओंकार सिंह, रामकुमार, हबीबुर्रहमान, रामजीवन गौतम, महेंद्र सागर, मोनू सागर, जितेंद्र सागर, शांति प्रसाद सागर, राजेश प्रकाश सैनी, मोहन स्वरूप सैनी, रामअवतार कश्यप, राजकुमार, सरजू भास्कर, बख्तावर अली, सरोज राम सागर, राकेश सागर, जागेश्वर सागर आदि मौजूद रहे।