बसपा सुप्रीमो मायावती ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात, बोलीं- देश को उनसे बहुत आशाएं
- Mayawati calls on President Droupadi Murmu मायावती ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी से राष्ट्रपति भवन में आज काफी अच्छी मुलाकात हुई। देश को उनसे बहुत सारी आशाएं है।
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी ( बीएसपी) प्रमुख मायावती ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी से राष्ट्रपति भवन में आज काफी अच्छी मुलाकात हुई। अनुसूचित जनजाति (एसटी) समाज से ताल्लुक रखने वाली देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने पर उनसे मिलकर उन्हें औपचारिक तौर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
वे समाज व देश का नाम रौशन करें, यही कामना। वैसे तो बीएसपी व अन्य पार्टियों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें अपना समर्थन दिया और वे भारी मतों से विजयी हुई, किन्तु अगर थोड़ा और सही व सार्थक प्रयास किया गया होता तो वे सर्वसम्मति से यह चुनाव जीतकर एक और नया इतिहास ज़रूर बनातीं। देश को उनसे बहुत सारी आशाएं है।
राष्ट्रपति चुनाव में भी दिया था एनडीए का साथ
बता दें कि बसपा ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया था। बीएसपी ने कहा था कि उनका ये फैसला स्वतंत्र रूप से लिया गया है। ये न सत्तापक्ष के समर्थन में है न विपक्ष के खिलाफ। इसके बाद बसपा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्ष के खिलाफ वोट दिया था।
