बसपा सुप्रीमो मायावती ने दी ‘ईद उल फितर’ की बधाई, कहा- देश की खुशहाली का हिस्सेदार बनें
देशभर में आज ईद का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सभी को ईद-उल-फित्र की बधाई दी और लोगों से आपसी मेलजोल व भाईचारा बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि देश की खुशी और खुशहाली में सभी लोग हिस्सेदार बने.
बसपा सुप्रीमो ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए ईद-उल-फित्र की शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट किया. उन्होंने लिखा- ‘रमजान के मुबारक/पवित्र महीने में एक महीना का रोजा और तरावीह आदि की इबादतों के बाद आज ईद-उल-फ़ित्र त्योहार के ख़ुशी की उत्तर प्रदेश व समस्त देशवासियों में भी ख़ासकर देश एवं दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय मुसलमान परिवारों को मेरी दिली मुबारकबाद तथा अन्य भारतीयों के साथ-साथ उन सभी के लिए भी अच्छी ज़िन्दगी की शुभकामनायें, जिसकी गारण्टी परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के भारतीय संविधान ने सभी नागरिकों को दी है.
सभी लोग आपसी मेलजोल, भाईचारा, सौहार्द, संयम व सहनशीलता की परम्परा को बनाए रखने में अपना पूरा योगदान दें, ताकि देश में समतामूलक विकास की बात आगे बढ़े और यहाँ देश की ख़ुशी एवं ख़ुशहाली में सभी लोग उसके हिस्सेदार बनकर उस पर गर्व करें.’
अजय राय ने प्रदेश वासियों को दी शुभकामनाएं
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ईद के मौके पर लखनऊ में मुस्लिम समुदाय के बीच पहुंचे. उन्होंने कहा कि हर साल की भांति मैं इस साल भी अपनी मुबारकबाद देने यहां पर आया हूं. मैं दुआ करता हूं कि सब लोग मिलकर एक दूसरे को खुशियां बांटे. आज देश और दुनिया के जो हालात है इसमें निश्चित तौर हम देशवासी एकजुट हैं और एकजुटता के साथ पूरे देश और दुनिया को संदेश दें यहीं मेरी कामना है.
शांति व अमन के लिए मांगी दुआ
वहीं समाजवादी पार्टी का पूर्व सांसद डॉ एसटी हसन ने भी इस मौके पर अमन और शांति की कामना की और कहा कि “रमजान के महीने में हम सभी लोगों ने रोजे रखे, नमाजें पढ़ी, कुरान पाक पढ़ी और उसे सुना और सुनाया, उसके इनाम में आज अल्लाह पाक ने हमें ईद का मौका हमें अता फरमाया है. आज हम अल्लाह को शुक्रिया अता करते हैं. आज हमने नमाज अता की, सबने अल्लाह से अमन और अमान की दुआ करी, हमें उम्मीद है कि हम सांप्रदायिक सौहार्द से अपने मुल्क को आगे बढ़ाएंगे.”
