बसपा ने की चार उम्मीदवारों की घोषणा

सहारनपुर [24CN]। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जनपद का राजनीतिक तापमान ठंड के बावजूद लगातार बढ़ता जा रहा है। आगामी 14 फरवरी को जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर अभी तक केवल बसपा ने ही चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। जबकि सत्तारूढ़ भाजपा के अलावा कांग्रेस-सपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसलिए राजनीतिक विश्लेषकों की निगाहें इन दलों पर टिकी हुई हैं।

गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने के साथ ही चुनावी बिगुल बज चुका है जिसके चलते जनपद में दल-बदल का दौर भी तेजी के साथ चल रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक इमरान मसूद तथा कांग्रेस के सहारनपुर देहात विधायक मसूद अख्तर ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के बेहट विधायक नरेश सैनी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके अलावा नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव जीतकर योगी मंत्रिमंडल में आयुष विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले डा. धर्मसिंह सैनी ने एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। जबकि देवबंद के पूर्व विधायक मनोज चौधरी भाजपा छोड़कर रालोद तथा गंगोह नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद ने पहले रालोद तथा अब बसपा का दामन थाम लिया है। जनपद में आगामी 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक बसपा ने चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है जिनमें गंगोह से पूर्व नगर पालिका चेयरमैन नोमान मसूद, नकुड़ से सरसावा के ब्लाक प्रमुख चौ. ताहिर हसन, नगर विधानसभा सीट से मनीष अरोड़ा तथा बेहट विस सीट से रईस मलिक को प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि रामपुर मनिहारान सीट से पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू व देवबंद से चौ. राजेंद्र सिंह को को बसपा हाईकमान पहले ही हरी झंडी दे चुका है। जनपद में अभी तक सपा, भाजपा व कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। हालांकि सपा से नगर विधानसभा सीट पर विधायक संजय गर्ग, नकुड़ सीट से डा. धर्मसिंह सैनी, सहारनपुर देहात से मसूद अख्तर व गंगोह सीट से चौ. इंद्रसैन का प्रत्याशी बनना निश्चित माना जा रहा है। जबकि भाजपा से बेहट सीट पर विधायक नरेश सैनी, सहारनपुर नगर से राघव लखनपाल शर्मा व दिनेश सेठी को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाएं गूंज रही हैं।