जनपद की सातों सीटों पर बसपा ने घोषित किए प्रत्याशी
सहारनपुर[24CN]। बसपा हाईकमान ने आज जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जिसके चलते जिले की राजनीति में बसपा को लेकर चल रही उठापटक व चर्चाओं पर विराम लग गया।
गौरतलब है कि जनपद की सभी सातों सीटों पर एक ओर जहां भाजपा व सपा-रालोद गठबंधन ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। वहीं बसपा हाईकमान द्वारा सहारनपुर अभी तक केवल तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए थे जिस कारण शेष बची चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थी। आज बसपा हाईकमान ने जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। नकुड़ विधानसभा से पूर्व में घोषित किए गए प्रत्याशी शाहिद हसन का टिकट काटकर हाल ही में सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए साहिल खान को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा बेहट विधानसभा सीट पर रईस मलिक, सहारनपुर नगर विधानसभा सीट पर मनीष अरोड़ा, सहारनपुर देहात सीट से अजब सिंह, देवबंद विधानसभा सीट पर चौ. राजेंद्र सिंह, रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू व गंगोह विधानसभा सीट पर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि देवबंद विधानसभा सीट पर सपा से टिकट न मिलने से नाराज चल रहे पूर्व विधायक माविया अली की बसपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थी। जबकि बेहट विधानसभा सीट पर विगत पांच वर्षों से जनता के बीच रहकर चुनावी तैयारी कर रहे महावीर राणा के बेटे अभय सिंह राणा के भी बसपा नेताओं के सम्पर्क में होने की चर्चाएं चल रही थी परंतु आज बसपा की सूची जारी होने से सभी अटकलों पर विराम लग गया।
