नई दिल्ली। भारत आज कारगिल युद्ध की 23वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज के ही दिन 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सेना को धूल चटाते हुए विजय पताका फहराई थी। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 14,830 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 18,159 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 36 लोगों की मृत्यु हुई है। उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे। गुजरात में वो सोमनाथ मंदिर जाएंगे और राजकोट में पार्टी के टाउनहाल कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद वो कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे और उनको आगामी चुनाव के लिए तैयार करेंगे।
Breaking News Today 26 July: कारगिल युद्ध के शहीदों को सलाम, रक्षा मंत्री व तीनों सेना प्रमुखों ने दी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
-
09:45 AM, 26 Jul 2022
ऑपरेशन विजय में भारतीय सेना दिया बहादुरी का परिचय- जनरल उपेंद्र द्विवेदी
उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन विजय में भारतीय सेना ने अपने संकल्प और बहादुरी का परिचय दिया था। सीमा में प्रवेश कर चुके घुसपैठियों को निकालना हमारी प्राथमिकता थी। उस मुश्किल वक्त में हमारे जवानों ने देश सेवा के मार्ग पर चलते हुए दुश्मन को जवाब दिया। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि भारतीय सेना का हर जवान देश की सुरक्षा के लिए समर्पित है और किसी भी चुनौती का सामना करने और किसी भी बलिदान के लिए हमेशा तैयार है।
- 09:41 AM, 26 Jul 2022
गुजरात में जहरीली शराब का कहर
Gujarat Poisonous Liquor: गुजरात में जहरीली शराब से मरने वालों का आंकड़ा 24 पहुंच गया है। बोटाद के बरवाला के अलावा मरने वालों में अहमदाबाद के 4 लोग भी शामिल हैं। रविवार रात को बोटाद में जहरीली शराब पीने के बाद करीब 4 दर्जन लोगों की तबीयत खराब हुई जिन्हें सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया।
-
09:36 AM, 26 Jul 2022
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हमने तथाकथित CPEC परियोजनाओं में तीसरे देशों की प्रस्तावित भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर रिपोर्टे देखी हैं। किसी भी पार्टी द्वारा इस तरह की कोई भी कार्रवाई सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करती है। भारत तथाकथित CPEC में परियोजनाओं का दृढ़ता से और लगातार विरोध करता है, जो भारतीय क्षेत्र में हैं जिसे पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है। ऐसी गतिविधियां स्वाभाविक रूप से अवैध, नाजायज, अस्वीकार्य है।
- 09:32 AM, 26 Jul 2022
पिता के पास आया ‘सर तन से जुदा’… बेटे का मिला शव
मध्य प्रदेश में भोपाल-नर्मदापुरम रेलखंड पर मिडघाट और बरखेड़ा के बीच पटरी पर रविवार रात करीब सात बजे ओरिएंटल कालेज के बीटेक के छात्र निशांक का शव मिला। सड़क किनारे से उसका स्कूटर और मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। शव मिलने से दो घंटे पहले छात्र के ही मोबाइल से उसके पिता को एक वाट्सएप संदेश भेजा गया था, जिसमें लिखा गया कि राठौर साहब, बहुत बहादुर था आपका बेटा, गुस्ताख ए…की एक सजा, सर तन से जुदा।
-
09:23 AM, 26 Jul 2022
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सीएम ममता बनर्जी को लिखा पत्र
पश्चिम बंगाल एसएससी भर्ती घोटाला को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पार्थ चटर्जी को तुरंत मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
-
09:21 AM, 26 Jul 2022
सीएम नीतीश कुमार की कोरोना रिपोर्ट आई पाजिटिव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। वह पिछले चार दिनों से बीमार हैं।
-
09:17 AM, 26 Jul 2022
Weather Update Today: एमपी, राजस्थान, गुजरात सहित इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
Weather Update Today देश के विभिन्न राज्यों में इन दिनों जमकर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ राज्यों में अगले पांच दिनों तक रोजाना बारिश होने वाली है। ऐसे में झमाझम बरसात के चलते कई इलाकों में जलजमाव की भी स्थिति बन सकती है।
-
09:12 AM, 26 Jul 2022
राजनाथ सिंह ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
-
09:10 AM, 26 Jul 2022
द्रास सेक्टर में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
देश आज कारगिल विजय दिवस मना रहा है। 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी गई।
-
09:04 AM, 26 Jul 2022
देश में मिले COVID-19 के 14,830 नए केस
भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 14,830 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 18,159 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 36 लोगों की मृत्यु हुई है।
कुल मामले: 4,39,20,451
सक्रिय मामले: 1,47,512
कुल रिकवरी: 43,246,829
कुल मृत्यु: 5,26,110
कुल वैक्सीनेशन: 2,02,50,57,717 -
08:55 AM, 26 Jul 2022
तीनों सेना प्रमुखों ने दी कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि
थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
-
08:46 AM, 26 Jul 2022
विदेश मंत्री जयशंकर ने दी मालदीव के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद और मालदीव की सरकार और लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दी।
-
08:44 AM, 26 Jul 2022
यस बैंक-डीएचएफएल घोटाले में बिल्डर भोसले के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल
डीएचएफएल घोटाले में सीबीआइ ने पुणे के जाने-माने बिल्डर अविनाश भोसले और उनकी कंपनियों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया है। मुंबई में विशेष सीबीआइ अदालत में दाखिल पूरक आरोप पत्र में सीबीआइ ने इस मामले में सत्यन गोपालदास टंडन, मेट्रोपोलिस होटल्स एलएलपी, एबीआइएल इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, एबीआइएल हास्पिटालिटी प्राइवेट लिमिटेड, अरिंदम डेवलेपर्स, अविनाश भोसले ग्रुप और फ्लोरा डेवलेपमेंट लिमिटेड को भी नामित किया है
-
08:41 AM, 26 Jul 2022
संजय सिंह ने दिया नोटिस
आप सांसद संजय सिंह ने हाल ही में जीएसटी दर वृद्धि पर चर्चा करने के लिए राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य निलंबन नोटिस दिया है।
- 08:39 AM, 26 Jul 2022
Kargil Vijay Diwas 2022: एक चरवाहे ने भारतीय सेना को दी थी पाकिस्तानी घुसपैठ की जानकारी
Kargil Vijay Diwas 2022 भारतीय इतिहास में आज का दिन बेहद खास है। आज भारत कारगिल युद्ध की 23वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज के ही दिन 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर पाकिस्तानी सेना को धूल चटाते हुए विजय पताका फहराई थी।
-
08:34 AM, 26 Jul 2022
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों को श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
-
08:27 AM, 26 Jul 2022
शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
जम्मू-कश्मीर के जम्मू में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को बलिदान स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
-
08:26 AM, 26 Jul 2022
हरिद्वार से लौट रहे श्रद्धालु
दिल्ली में सावन की शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु हरिद्वार दर्शन करके लौट रहे हैं। तस्वीरें NH-24 से हैं।
- 08:24 AM, 26 Jul 2022
पीएम मोदी करेंगे अंतर्राष्ट्रीय बुलियन एक्सचेंज IIBX का शुभारंभ
प्रधानमंत्री GIFT-IFSC में भारत के पहले अंतर्राष्ट्रीय बुलियन एक्सचेंज इंडिया इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज (IIBX) का शुभारंभ करेंगे। IIBX भारत में सोने के वित्तीयकरण को बढ़ावा देने के अलावा जिम्मेदार सोर्सिंग और गुणवत्ता के आश्वासन के साथ कुशल मूल्य खोज की सुविधा प्रदान करेगा।
- 08:23 AM, 26 Jul 2022
Gujarat Poisonous Liquor: गुजरात में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत
Gujarat Poisonous Liquor: गुजरात में जहरीली शराब पीने से दस लोगों की मौत हो गई। 20 अन्य को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अवैध देशी शराब बनाने व बेचने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है।
-
08:09 AM, 26 Jul 2022
शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
लद्दाख में कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
-
08:06 AM, 26 Jul 2022
अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में छात्रावास के अंदर मृत पाई गई कक्षा बारहवीं की छात्रा के शव की ऑटोप्सी की जा रही है। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती है।
-
07:57 AM, 26 Jul 2022
सोनिया गांधी से आज हो सकती है पूछताछ
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज ईडी के अधिकारी दूसरे दौर की पूछताछ कर सकते हैं। पहले उन्हें 25 जुलाई को बुलाया गया था, लेकिन राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के कारण इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया है। सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ की जाएगी। राहुल गांधी से इसी मामले में पांच दिन तक पूछताछ की गई थी। आरोप है कि सोनिया और राहुल गांधी ने यंग इंडिया कंपनी बनाकर नेशनल हेराल्ड की सारी संपत्ति हथिया ली है।