ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा पहुंचे भारत, AI समिट में होंगे शामिल
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा AI समिट में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। लूला 18 से 22 फरवरी 2026 तक पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। नई दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर लूला की यह यात्रा भारत-ब्राजील संबंधों को नई मजबूती देने वाली मानी जा रही है। राष्ट्रपति लूला बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ आए हैं, इसमें मंत्री, कई उच्च अधिकारी समेत कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
व्यापार और निवेश में गहरी होगी साझेदारी
ब्राजील के राष्ट्रपति की भारत यात्रा का मुख्य मकसद द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी को गहरा करना है। यात्रा का मुख्य आकर्षण इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में उनकी भागीदारी है। यह समिट भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है। समिट का फोकस AI के वैश्विक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर है। लूला की भागीदारी ग्लोबल साउथ के देशों के बीच AI पर सहयोग को मजबूत करने का संकेत है। दोनों देश BRICS, G20 और संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर मिलकर काम करते हैं।
पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय बैठक
यात्रा के दौरान राष्ट्रपति लूला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, कृषि, जैव-ईंधन और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत और ब्राजील के बीच व्यापार वर्तमान में लगभग 15-20 बिलियन डॉलर के आसपास है। इसे 50 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने के लक्ष्य पर काम चल रहा है। ब्राजील दुनिया का प्रमुख कृषि निर्यातक है, जबकि भारत फार्मास्यूटिकल्स, आईटी और इंजीनियरिंग में मजबूत है।
AI समिट में कई देशों के रिप्रेजेंटेटिव हो रहे शामिल
नई दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट को ग्लोबल साउथ में होने वाली अपनी तरह की पहली इंटरनेशनल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गैदरिंग बताया गया है। यह AI के फील्ड में सहयोग के लिए भारत के नजरिए के तौर पर पीपल, प्लैनेट और प्रोग्रेस के सूत्रों पर आधारित है। 16 से 20 फरवरी तक होने वाले ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट में कई देशों के हेड शामिल हो रहे हैं। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा शामिल हैं।
