ब्राह्मण समाज को एकजुट होने की आवश्यकता: अनिल शर्मा
- सहारनपुर में ब्राह्मण समाज द्वारा निकाली गई परशुराम शोभायात्रा का दृश्य।
सहारनपुर [24CN]। शिकारपुर के विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज में जागरूकता की जरूरत है और समाज के लोगों को मिलजुलकर कार्य करना चाहिए ताकि ब्राह्मण समाज के साथ-साथ देश व प्रदेश का भी विकास हो सके।
विधायक अनिल शर्मा आज यहां दिल्ली रोड स्थित सीजन वैंकट हॉल में आयोजित भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। शंकराचार्य आश्रम के प्रभारी महंत शहजानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि भगवान परशुराम सर्वसमाज के पूजनीय हैं। उन्होंने सदैव अन्याय व शोषण का प्रतिकार करने का काम किया था। इसलिए हमें भगवान परशुराम के आदर्शों का अनुसरण करते हुए सर्वसमाज के उत्थान की दिशा में सकारात्मक प्रयास करनी चाहिए।
कार्यक्रम को पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पं. प्रदीप कौशिक, समाजसेवी विनोद शर्मा ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री अतिथि विधायक अनिल शर्मा, स्वामी सहजानंद ब्रह्मचारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल व पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का स्वागत कर व फरसा भेंट कर सम्मान किया।इससे पूर्व ब्राह्मण समाज के लोगों द्वारा घंटाघर से कार्यक्रम स्थल तक भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
इस दौरान राहुल लखनपाल शर्मा, राहुल शर्मा, प्रणव शर्मा, गोकरण दत्त शर्मा, अनिल शर्मा, गोकुल शर्मा, विजय शर्मा, रविंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
