बेंगलुरु । कर्नाटक के मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार को किया जाएगा। इस क्रम में आज शपथ लेने वाले मंत्रियों की पूरी लिस्ट राज्य के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई को मिल गई है। मुख्यमंत्री ने इसकी पुष्टि की और कहा, ‘हमें आधिकारिक तौर मंत्री परिषद की लिस्ट मिल गई है। इनमें उन मंत्रियों के नाम शामिल हैं जो आज राजभवन में शपथ लेने वाले हैं। यह शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 2.15 बजे आयोजित किया जाएगा।’

26 जुलाई को बी एस येदियुरप्पा के इस्तीफा देने के बाद 28 जुलाई को बोम्मई ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने कैबिनेट विस्तार में कुछ समय लगने की बात कही थी। अभी सरकार में वे अकेले कैबिनेट मंत्री हैं। बता दें कि येदियुरप्पा ने नए मंत्रिमंडल में मंत्रियों को लेकर सुझाव देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह कैबिनेट विस्तार में दखल नहीं देंगे बोम्मई अपने मंत्रालय में किसी को भी शामिल करने के लिए स्वतंत्र हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की थी और कहा था कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व राज्य मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने वाले नए मंत्रियों की लिस्ट बुधवार सुबह भेजेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि सुबह लिस्ट मिलने के बाद बुधवार को ही शपथ ग्रहण हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि मंत्रिपरिषद विस्तार कई चरणों में किया जाएगा।