बोर्ड परीक्षा: सामाजिक विज्ञान का पेपर शांतिपूर्ण संपन्न, 67,697 में से 64,232 परीक्षार्थी रहे उपस्थित
- सहारनपुर में बोर्ड परीक्षा देकर बाहर आती छात्राएं।
सहारनपुर। परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 के अंतर्गत आज आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुईं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने बताया कि प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 35,805 परीक्षार्थियों में से 34,081 उपस्थित रहे, जबकि 1,724 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
इसी क्रम में इंटरमीडिएट कृषि शस्य विज्ञान भाग-1 एवं भाग-2 की परीक्षा में पंजीकृत 652 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 637 उपस्थित रहे और 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा में पंजीकृत 31,240 परीक्षार्थियों में से 29,514 उपस्थित रहे तथा 1,726 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 67,697 परीक्षार्थियों में से 64,232 उपस्थित रहे, जबकि 3,465 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। हाईस्कूल की परीक्षा 89 परीक्षा केन्द्रों पर तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम पाली में 20 एवं द्वितीय पाली में 88 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्रों पर तैनात रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं छह विभागीय सचल दलों द्वारा भी परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी अंकुर वर्मा, डिप्टी कलेक्टर ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम एवं मॉनिटरिंग सेल का निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हुई। किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए नहीं पाया गया।
