भगवान महावीर के जनमोत्सव के उपलक्ष में लगाया रक्तदान शिविर
- सहारनपुर में रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को सम्मानित करते आयोजक।
सहारनपुर। दिगम्बर जैन महासमिति व फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के तत्वावधान में भगवान महावीर के जन्मोत्सव के उपलक्ष में आयोजित रक्तदान शिविर में 80 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। महावीर कालोनी में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन समाजसेवी सुभाष चंद्र देव कुमार जैन ने फीता काटकर किया।
शिविर के संयोजक डा. नवीन कुमार जैन व विपुल जैन ने कहा कि भगवान महावीर के जन्मोत्सव के उपलक्ष में यह रक्तदान शिविर सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों के सेवार्थ लगाया गया है। पंकज जैन व सिद्धार्थ जैन ने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से हम तीन जिंदगी बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है। रक्त दान करने से शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। सुदीप जैन व अंकुर जैन ने कहा कि रक्तदान एक ऐसी सेवा है जिसके माध्यम से एक अंजान को जीवनदान मिलता है। इसलिए रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है।
अर्चित जैन व अर्जुन शर्मा ने कहा कि एफबीडी संस्था विगत 8 सालों से जरूरतमंद परिवार को किसी भी इमरजेंसी में पूरे सहारनपुर में रक्त, प्लेटलेट्स व प्लाज्मा उपलब्ध कराने में हरसंभव मदद करती है। शिविर में संदीप जैन, मोहित जैन, अगमदीप वर्मा, मंजू जैन, पंकज जैन, नितिन यादव, रवि प्रजापति, शुभम अग्रवाल, यश नामदेव, श्वेता जैन, पूजा चौहान, मयंक जैन समेत लगभग 80 लोगों ने रक्तदान किया।
