मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाकियू रक्षक के पदाधिकारी किए हाऊस अरेस्ट
- सहारनपुर में हाऊस अरेस्ट किए गए भाकियू रक्षक के पदाधिकारी।
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर दौरे को लेकर किसान नेताओं को नजरबंद करने पर किसान नेताओं ने रोष जाहिर किया है। शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहारनपुर में दौरा प्रस्तावित था दौरे को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा पूरी सतर्कता के साथ मुस्तैदी बरती गई थी। जिस कारण भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी वीरेंद्र सिंह ओहलान को रात में उनके बढ़ेडी स्थित उनके आवास पर नजरबंद किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओहलान ने कहा कि उनकी मांग मुख्यमंत्री स्वयं न सुन ले इसलिए तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है जोकि बहुत निंदनीय है लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं है और किसानों तथा छात्रों की समस्या को लगातार उठाते रहेंगे। उधर भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमर त्यागी को रातभर घर में डिटेन कर दिनभर समर्थकों संग थाना नागल में बैठाये रखा।
जिससे गुस्साए जिलाध्यक्ष अमर त्यागी ने कहा कि प्रदेश के मुखिया को किसानों और पीड़ितों की समस्या पता न चल जाए इसी वजह से प्रशासन ऐसी तानाशाहीपूर्ण कार्यवाही करता है जिससे किसानों की आवाज दबाई जा रही है लेकिन याद रखना जितना अन्नदाता की आवाज को दबाना चाहोगे उतना ही किसान मजबूत होगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया है।
