नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग, भाकियू रक्षक ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग, भाकियू रक्षक ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देते भाकियू रक्षक के पदाधिकारी।

सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) के पदाधिकारियों ने स्टेट हाईवे-59 पर नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि यदि शीघ्र ही मांग पूरी नहीं हुई तो 23 मार्च 2026 से नागल में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी वीरेंद्र सिंह ओहलान ने कहा कि नागल बस स्टैंड पर फ्लाईओवर न होने के कारण अब तक सैकड़ों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग, महिलाएं और राहगीर इस हाईवे से गुजरते हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान, क्लिनिक, अस्पताल और स्कूल भी स्थित हैं, जिससे यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। कट से गुजरने के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) द्वारा फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर करीब 20 बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है।  संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 23 मार्च 2026 से नागल में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश प्रभारी सुनील राणा, जिला प्रभारी राहुल फौजी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी वीरेंद्र सिंह ओहलान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply