अखिलेश की ‘समानता भाईचारा रैली’ पर BJP का तंज, पंकज चौधरी बोले- 2027 में होगा सपाइयों का सफाया
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर के दादरी में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार (29 मार्च) को समानता भाईचारा रैली में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है. वहीं उनकी इस रैली को लेकर यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कटाक्ष किया है.
सत्ताइस में सपाइयों का सफाया- पंकज चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष ने आगे लिखा कि 2027 का रण इन अवसरवादी और अराजकता के पोषकों के लिए निर्णायक साबित होगा. इस बार जनता सिर्फ जवाब ही नहीं देगी बल्कि सत्ताइस में सपाइयों का सफाया करके इतिहास लिखेगी.
सपा सरकार के कार्यकाल पर बरसे पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘लाल टोपी’ उस काले अध्याय की याद दिलाती है, जब कानून बेबस था और अपराधियों का बोलबाला था. साथ ही उन्होंने कहा कि मंचों से ऊंची-ऊंची बातें करने वाले ये लोग नहीं समझ पा रहे कि अब प्रदेश की जनता जग चुकी है और बेहतर कानून व्यवस्था और विकास को चुन रही है.
‘उन्हें शायद यह भ्रम है कि जनता भूल चुकी है’
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सत्ता की भूख में तिलमिलाते हुए ‘समानता’ और ‘भाईचारे’ का चोला ओढ़कर आज जो लोग मंचों से ज्ञान बांट रहे हैं, उन्हें शायद यह भ्रम है कि जनता भूल चुकी है.
चौधरी ने आगे लिखा, “परंतु सच्चाई यह है कि उनके शासन का ‘अराजकता का काल’ आज भी लोगों की स्मृति में जिंदा है. सपा का वह दौर जब तुष्टीकरण ही नीति थी और गुंडागर्दी व्यवस्था का हिस्सा, वही लोग आज विकास और नैतिकता का पाठ पढ़ाने निकले हैं.”
