नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 2023 के विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए 27 अगस्त से त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। नड्डा 27 अगस्त को अगरतला पहुंचेंगे।

चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे नड्डा

सूत्रों के अनुसार, नड्डा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के संबंध में रणनीति तय करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक भी कर सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष अगरतला में रैली को संबोधित कर सकते हैं।

दो बार राज्य का दौरा रद्द कर चुके हैं नड्डा

हाल ही में मुख्यमंत्री माणिक साहा ने नई दिल्ली में नड्डा से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इससे पहले, नड्डा COVID-19 महामारी के कारण दो बार राज्य का दौरा रद्द कर चुके हैं।

छह हजार से अधिक मतों से दर्ज की जीत

इससे पहले, 8 जुलाई को मुख्यमंत्री ने त्रिपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा सदस्य (एमएलए) के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में इस्तीफा देने के बाद 23 जून, 2022 को टाउन बारदोवाली निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा उपचुनाव लड़ा और 6,104 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री बने साहा

माणिक साहा वर्तमान में त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 15 मई को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जब भाजपा ने विधानसभा चुनाव से एक साल पहले राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का फैसला किया था। साहा को बिप्लब कुमार देब के स्थान पर मुख्यमंत्री बनाया गया है।

तीन अप्रैल 2022 को राज्यसभा के लिए चुने गए थे साहा

भाजपा नेताओं की त्रिपुरा इकाई माणिक साहा के मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने से हैरान थी क्योंकि वह दो महीने पहले ही एकमात्र सीट से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। 69 वर्षीय साहा उच्च सदन के द्विवार्षिक चुनाव में 3 अप्रैल को राज्यसभा के लिए चुने गए थे। भाजपा वर्तमान में राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी है।

2016 में भाजपा में शामिल हुए साहा

साहा राज्य में पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। वे 2016 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें 2020 में राज्य पार्टी प्रमुख बनाया गया और इस साल मार्च में राज्यसभा के लिए चुने गए। राज्य में चुनाव अगले साल मार्च में होने की संभावना है।