सहारनपुर नगर निगम में महापौर की कुर्सी पर भाजपा के डा. अजय कुमार सिंह ने लहराया जीत का परचम

सहारनपुर नगर निगम में महापौर की कुर्सी पर भाजपा के डा. अजय कुमार सिंह ने लहराया जीत का परचम
  • सहारनपुर में मतगणना स्थल पर समर्थकों के साथ नवनिर्वाचित महापौर डा. अजय कुमार सिंह।

सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद को 8031 से मतों के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी ओर महापौर की कुर्सी को भाजपा की झोली में डाल दिया। समाजवादी पार्टी के नूर हसल मलिक को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद की मतगणना आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली रोड स्थित रैनबो स्कूल में सम्पन्न हुई। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह ने पहले राउंड में 11 हजार 367 मत हासिल कर बसपा प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद से बढ़त बना ली थी। जबकि दूसरे राउंड में बसपा प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद ने 22 हजार 54 मत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी से बढ़त ले ली थी। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी अजय कुमार सिंह द्वारा लगातार बसपा प्रत्याशी को पछाड़ते हुए अंतिम राउंड तक अपनी बढ़त कायम रखी। भाजपा प्रत्याशी अजय कुमार सिंह ने कुल 1 लाख 54 हजार 879 मत हासिल कर बसपा प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद को पराजित कर दिया।

बसपा प्रत्याशी श्रीमती खदीजा मसूद को 1 लाख 46 हजार 848, सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक को 22 हजार 36, कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप वर्मा को 6313, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सहदेव सिंह को 1823, निर्दलीय आशिक अली को 1515, निर्दलीय फातमा बेगम को 1934, निर्दलीय शबनम को 1991 मत हासिल हुए। जबकि 1731 मतदाताओं ने नोटा का बदन दबाया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित महापौर डा. अजय कुमार सिंह का माल्यार्पण किया। इस दौरान मीडिया से वार्ता करते हुए नवनिर्वाचित महापौर डा. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुधार लाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने अपनी जीत का श्रेय भाजपा के कार्यकर्ताओं, पार्टी की विचारधारा तथा जनता के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा पर आधारित पार्टी है। क्षेत्र की जनता ने जिस प्यार व आशीर्वाद के साथ उन्हें महापौर पद की जिम्मेदारी सौंपी हैं, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का काम करेंगे तथा जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप सहारनपुर महानगर का विकास कराने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर में पत्रकारों की दिक्कत को देखते हुए प्रेस क्लब का निर्माण कराने का काम भी किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास व संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, नगर विधायक राजीव गुम्बर, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, व्यापारी नेता शैलेंद्र भूषण गुप्ता, व्यापारी कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य दिनेश सेठी समेत भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamia Tibbia