किसान व गरीब विरोधी हैं भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारें: वर्मा

- सहारनपुर में बैठक को सम्बोधित करते भाकियू वर्मा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।
देवबंद। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार किसान और गरीब विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करे।
भगतसिंह वर्मा आज यहां ग्राम तल्हेड़ी बुजुर्ग में भाकिव की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान देश भारतवर्ष में अन्नदाता किसानों की घोर उपेक्षा की जा रही है। किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य तो दूर लागत मूल्य भी भाजपा की केंद्र व प्रदेश की योगी सरकारें नहीं दिला पा रही हैं जिसके कारण किसान कर्ज बंद होकर आत्महत्या कर रहे हैं। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गन्ना सीजन शुरू हुए एक महीना हो गया है परंतु अभी तक भाजपा की योगी सरकार ने गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया है।
इस बार गन्ना किसानों की बढ़ती लागत और प्राकृतिक आपदा के कारण गन्ने का उत्पादन 40 प्रतिशत से भी अधिक कम है। उन्होंने भाजपा की योगी सरकार से गन्ना किसानों को बचाने के लिए गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल तत्काल घोषित करने की मांग की और कहा कि यदि इस बार गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल सरकार ने घोषित नहीं किया तो प्रदेश के गन्ना किसान एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी ने कहा कि अब समय आ गया है कि जब प्रदेश और देश के अन्नदाता किसानों को जाति धर्म बिरादरी और पार्टियों से ऊपर उठकर एकजुट होकर सभी को अन्नदाता किसानों की लड़ाई को मजबूती से लडऩा चाहिए। किसान बचेगा तो देश बचेगा।
बैठक का संचालन करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश उपाध्यक्ष पं. नीरज कपिल ने कहा कि यदि समय रहते भाजपा की योगी सरकार ने गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल घोषित नहीं किया तो प्रदेश के किसान एकजूट होकर सभी चीनी मिलों को बंद कर देंगे। और 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देंगे। बैठक में भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश महामंत्री असीम मलिक, प्रदेश सचिव ऋषिपाल प्रधान गुर्जर, प्रदेश सचिव सोनू राजा, मंडल उपाध्यक्ष स. गुरविंदर सिंह बंटी, यासीन त्यागी, डा. बबरीक त्यागी, नीटू त्यागी, सूफी अयूब मौहम्मद नसीम, मौ. अब्दुल, महबूब त्यागी, मोहम्मद सलीम जोगिंदर सिंह कालू सिंह जगपाल सिंह आदि मौजूद रहे।