भाजपा सभी वर्गों के लोगों के कल्याण हेतु करती है काम: प्रजापति
बेहट [24CN]। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष लोकेश प्रजापति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी वर्ग विशेष के व्यक्ति के लिए कार्य नहीं करती बल्कि पंक्ति में खड़े हुए अंतिम व्यक्ति के बारे में सोचते हुए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं कर रही है।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष लोकेश प्रजापति बेहट विधानसभा क्षेत्र के गांव कलसिया में आयोजित भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, धारा-370 व राम मंदिर जैसे मुद्दों को सुलझाया गया तथा किसानों को सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, नि:शुल्क गैस सिलेंडर, अंत्योदय योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने कहा कि बेहट उत्तर प्रदेश विधानसभा की पहली सीट है जिसे हमें जिताना है। इसलिए पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी बूथ तक जाकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का काम करे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता अखिलेश बंसल व संचालन मंडल अध्यक्ष विजय सैनी ने किया। इस दौरान साहब सिंह पुंडीर, सोनेंद्र राणा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेश पुंडीर, अनिल सिंघल, सोहन मुखिया, रजनीश राणा, राकेश गाबा, अभय राणा, जिला पंचायत सदस्य रकम सिंह, हंसराज गौतम, देवेंद्र चौहान, सुभाष सैनी, दुबेसिंह काम्बोज, लोकेश त्यागी, नीरज चौहान, रणवीर राणा, ऋषिपाल, दुष्यंत राणा, अमित पुंडीर आदि मौजूद रहे।