जन-जन की सेवा में लगे हुए हैं भाजपा कार्यकर्ता : सैनी

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी।
सहारनपुर [24CN]। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने कहा कि जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव सेवा के लिए राजनीति करती है। भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी आज यहां दिल्ली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जनपद सहारनपुर में विकास कार्यों की गंगा बही है जिनमें सहारनपुर राजकीय विश्वविद्यालय तथा चारों तरफ स्टेट हाइवे व मिनी हाइवे का विस्तार तथा साढौली हरिया में राजकीय डिग्री कालेज की स्थापना शामिल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित व समाज सेवा को मूल धर्म मानकर निरंतर जनता के बीच है। कोरोना काल के दौरान जहां विपक्षी राजनीति दल केवल ट्यूटर पर सक्रिय रहे, वहीं भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हर जरूरतमंद के साथ खड़ा होकर सहायता करने में जुटा रहा जो आज भाजपा को जीत हासिल कराने में सार्थक रहा है। भाजपा जिला प्रभारी व मुजफ्फरनगर जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सत्यपाल सिंह पाल ने कहा कि कोविड-19 से उबरने के बाद कुछ लोगों को उसके साइड इफैक्ट हो रहे हैं। इसके लिए जिलों में पोस्ट कोविड सैंटर के संचालन में चिकित्सकों को वार्ताकार बनाकर कोविड संक्रमण से नेगेटिव होने के बाद हुए दुष्प्रभाव के लिए चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का काम प्रत्येक जिले में किया जाए। इसके दुष्प्रभाव से बचने के लिए योग का भी सहारा लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा ही संगठन को मूल मंत्र मानकर अपनी पूरी क्षमता के साथ जन-जन की सेवा में लगा हुआ है। यही विशेषता भाजपा कार्यकर्ता को विशिष्ट बनाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी सेवा ही संगठन अभियान के तहत वैक्सीनेशन के लिए जनजागरण करेगी। पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। इसके साथ ही युवा मोर्चा एवं आईटी सैल के कार्यकर्ता लोगों को टीकाकरण रजिस्ट्रेशन में सहायता भी उपलब्ध कराएंगे।