लोकसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी सभी 80 लोकसभा सीटें: केशवप्रसाद मौर्य

लोकसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी सभी 80 लोकसभा सीटें: केशवप्रसाद मौर्य
सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता के आशीर्वाद व प्यार की बदौलत उत्तर प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी के महापौर निर्वाचित हुए हैं। उसी तरह आगामी लोकसभा चुनाव में भी भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर अपना परचम लहराएगी।

उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य आज यहां पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्ष को एक भी लोकसभा सीट पर जीत हासिल नहीं होगी। सरकार चलाने के लिए मजबूत विपक्ष के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी विपक्ष को नहीं बल्कि भाजपा को जिताने की है। उन्होंने कहा कि इस निकाय चुनाव ने यह साबित कर दिया है कि जो तुष्टिकरण व जातिवाद की राजनीति करते थे तथा गुंडागर्दी करते थे, उनकी राजनीति खत्म करने के लिए जनता ने इस बार अपना फैसला सुनाया है तथा भाजपा को विजयी बनाने का काम किया है। उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे सत्ता के दुरूपयोग के सवाल पर कहा कि जो लोग ऐसा आरोप लगा रहे हैं वह पहले अपनी जांच कराएं।

अपराधी का कोई जाति व धर्म नहीं होता है। अपराधी केवल अपराधी होता है। उन्होंने कहा कि जो गरीब मुसलमान है उसने भाजपा को पसंद करना शुरू कर दिया है। इससे सपा, बसपा, कांग्रेस और रालोद का भविष्य खतरे में पड़ गया है। निगम की देनदारी करोड़ों की होने तथा बजट मात्र लाखों में होने के सवाल पर श्री मौर्य ने कहा कि निश्चत तौर पर आप चिंता नहीं कीजिए, सहारनपुर की जनता का प्यार मिला है और यहां पर कमल खिला है।

इसलिए आज निर्देश दिए गए हैं कि शीघ्र सहारनपुर के हर काम को पूरा कर दिया जाएगा। वार्ता के दौरान कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, जिला पंचायत चेयरमैन मांगेराम चौधरी भी मौजूद रहे।